दिल्ली-NCR में मंगलवार शाम को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बारिश के बाद पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.
दिल्ली के कनॉट प्लेस समेत कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई. दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के नोएडा और गुरुग्राम में भी भारी बारिश हुई, जिसके कारण पूरे एनसीआर में बड़े पैमाने पर यातायात ठप हो गया. दिल्ली में मंगलवार की सुबह ठंडी रही. इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट की भविष्यवाणी की है.
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदान में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब और आसपास के इलाकों के पास एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की उम्मीद है. इस मौसम प्रणाली से मैदानी इलाकों में चल रही ठंड और ज्यादा बढ़ने की संभावनाएं हैं. अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से ठंडे तापमान के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है, क्योंकि पारा लगातार गिर रहा है.
प्रदूषण से मिली राहत
इस बीच दिल्ली के वायु प्रदूषण के स्तर में मंगलवार को गिरावट देखी गई और 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 369 रहा, जिससे ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण 4 के तहत प्रतिबंधों में ढील दी गई है.
ग्रेप-4 के प्रतिबंधों में सभी निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध, दिल्ली में गैर-जरूरी प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों का दिल्ली एंट्री और क्लास की अनिवार्य शिफ्टिंग शामिल है.
मौसम विभाग और IITM (Indian Institute of Tropical Meteorology) ने कहा है कि अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता की स्थिति में और सुधार होने की उम्मीद है.
aajtak.in