दिल्ली: आदर्श नगर में महिला की चाकू मारकर हत्या, पति गंभीर

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने सो रहे दंपति पर चाकू से हमला कर दिया. गुब्बारे बेचने वाले इस दंपति में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पति आशु गंभीर रूप से घायल है. PCR कॉल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी गई है.

Advertisement
महिला की चाकू घोंपकर की गई हत्या से सनसनी.  (Photo: Representational ) महिला की चाकू घोंपकर की गई हत्या से सनसनी. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • दिल्ली,
  • 20 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:14 AM IST

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक दंपति पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई. जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार रात करीब 9:30 बजे एक PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसमें जानकारी दी गई कि DTP झुग्गी के पास दो लोगों को चाकू मार दिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने एक दंपति को खून से लथपथ हालत में पाया. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

Advertisement

गुब्बारे बेचने का काम करते थे दंपति
घायलों की पहचान आशु (40) और उसकी पत्नी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों गुब्बारे बेचने का काम करते थे और रेलवे लाइन के पास ही सोया करते थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब दंपति रात में आराम कर रहा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अचानक आशु पर चाकू से हमला कर दिया.

सूत्रों के मुताबिक जब आशु ने खुद को बचाने और वहां से भागने की कोशिश की, तो उसकी पत्नी बीच में आकर उसे बचाने लगी. इस दौरान हमलावरों ने महिला पर भी कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के समय वहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति किरणपाल ने पास में एक बच्चे को रोते हुए सुना. जब वह मौके पर पहुंचा, तो उसने दंपति को घायल अवस्था में देखा और तुरंत उन्हें बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गया.
 
आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशु का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. 

Advertisement

फिलहाल, हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. यह घटना राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, खासकर उन लोगों के लिए जो सड़कों और खुले स्थानों पर रहने को मजबूर हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement