एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपने भाई विक्रांत जेटली को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने कहा कि वह अपने भाई के साथ मरते दम तक खड़ी रहेंगी. यह बयान उस समय आया है जब उनके भाई, जो इस समय संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में हैं, उन्होंने उनसे बात करने से इनकार कर दिया है.
सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर अपने भाई के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लंबा नोट लिखा. उन्होंने बताया कि आखिरी बार उनकी अपने भाई से 23 अगस्त 2024 को बात हुई थी. इसके कुछ दिन बाद 6 सितंबर 2024 को उन्हें हिरासत में लिया गया था. उन्होंने कहा कि उनके भाई को मई 2025 तक गुप्त हिरासत में रखा गया और उसके बाद उन्हें मिडिल ईस्ट के एक डिटेंशन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया, जहां वे करीब 18 महीने से बिना औपचारिक प्रक्रिया के रखे गए हैं.
यूएई में हिरासत में हैं विक्रांत जेटली, 18 महीने से बंदी
सेलिना ने अपने भाई के उनसे बात न करने के फैसले को लेकर कहा कि वह यह नहीं कह सकतीं कि हिरासत में उन्हें क्या बताया गया है. उन्होंने कहा कि उनका भाई उन्हें लेकर बहुत प्रोटेक्टिव है और हो सकता है कि वह उन्हें मानसिक और आर्थिक तनाव से बचाने के लिए ऐसा कर रहा हो. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी परिस्थितियों में किसी भी बंदी के फैसले को उसके हालात के संदर्भ में समझना चाहिए.
सेलिना जेटली ने यह भी बताया कि उनके भाई ने कई बार अन्य परिवार के सदस्यों से भी बात करने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता हमेशा अपने भाई की शारीरिक और मानसिक स्थिति को लेकर रही है. उनका कहना है कि उन्होंने जो याचिका दायर की थी, वह अपने लिए नहीं बल्कि अपने भाई से मिलने और यह सुनिश्चित करने के लिए थी कि उन्हें सही कानूनी मदद मिल सके.
दिल्ली हाई कोर्ट ने सेलिना जेटली की याचिका की बंद
उन्होंने भारत सरकार का भी धन्यवाद किया और कहा कि जून 2025 से अब तक उनके भाई से नौ बार कांसुलर एक्सेस किया गया है. सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि जब भी उनका भाई और उसकी पत्नी तैयार होंगे, उन्हें कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को सेलिना जेटली की उस याचिका को बंद कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने भाई तक पहुंच की मांग की थी. अदालत के सामने भारतीय दूतावास की एक रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें बताया गया कि विक्रांत जेटली ने दोहराया कि वह अपनी बहन से बात नहीं करना चाहते हैं.
परिवार से भी दूरी बना रहे विक्रांत, सेलिना ने जताई चिंता
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने परिवार के सदस्यों से कहा था कि वे मिलकर उनके भाई की रिहाई के लिए प्रयास करें. साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार ने एक लॉ फर्म को उनके प्रतिनिधित्व के लिए पत्र जारी किया है, जिसमें जरूरत पड़ने पर मुफ्त कानूनी सहायता भी शामिल है.
aajtak.in