मुख्य सचिव थप्पड़कांड के बाद दिल्ली सरकार और सरकारी कर्मचारियों के बीच हुआ टकराव जल्द ही थमने के आसार बन रहे हैं. दिल्ली के सरकारी कर्मचारियों के संगठन ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को एक मांगपत्र सौंपा है.
सीएम केजरीवाल से मुलाकात के बाद दिल्ली सरकार के कर्मचारी मुख्यमंत्री के प्रति नरम दिख रहे हैं. कर्मचारियों के ज्वाइंट फोरम की तरफ से केजरीवाल को जो मांगपत्र दिया गया है. जिसमें कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग के साथ कहा गया है कि सरकार को कर्मचारियों के साथ सहयोगपूर्ण माहौल में संवाद करना चाहिए. लोकतंत्र में जितने भी स्तंभ हैं, उनको कानून के तहत काम करना चाहिए.
मांगपत्र में कहा गया कि नेताओं के साथ कर्मचारियों की तमाम बैठकें अपवाद को छोड़कर ऑफिस के टाइम में ही होनी चाहिए. सभी लंबित काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करना चाहिए. इसके अलावा केन्द्र सरकार के कर्मचारियों की तरह एक समान काम के लिए एक समान वेतन भी दिया जाना चाहिए.
मुलाकात के बाद कर्माचरियों के ज्वाइंट फोरम के अध्यक्ष डीएन सिंह ने कहा कि ये मुलाकात सिर्फ ज्वाइंट फोरम की तरफ से है और इसका आईएएस एसोसिएशन से कोई लेना देना नहीं है. आपको बता दें कि इससे पहले होली के दिन भी सरकारी कर्मचारियों ने सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी. हालांकि होली के दिन बातचीत को डीएन सिंह ने व्यक्तिगत मुलाक़ात बताया था.
उम्मीद है कि कर्माचारियों की इस मुलाकात के बाद टकराव खत्म होगा और दिल्ली में सरकारी कामकाज सुचारू रूप से चल सकेगा.
पंकज जैन