अक्सर लोग अपने बालों को लेकर चिंतित रहते हैं और बालों को झड़ने से बचाने के लिए अलग-अलग तरीके के उपाय करते रहते हैं. यदि आपके बाल भी पतले हैं या फिर अधिक झड़ रहे हैं तो हो सकता है आप इसका कारण अपनी बढ़ती उम्र या आनुवंशिकता को मानें लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक, एक बहुत कॉमन आदत भी है जिसके कारण लाखों लोगों के बाल झड़ रहे हैं. इस आदत के कारण इंग्लैंड के भी लाखों लोगों के बाल झड़ रहे हैं और ये बात रिसर्च में भी सामने आई है.
जर्नल ऑफ कॉस्मेटिक डर्मेटोलॉजी की स्टडी में पाया गया था कि धूम्रपान करने वाले पुरुषों में धूम्रपान न करने वालों की तुलना में मेल पैटर्न बाल्डनेस होने की संभावना 1.8 गुना अधिक होती है. वहीं इंडियन डर्मेटोलॉजी ऑनलाइन जर्नल में पब्लिश एक अन्य स्टडी के मुताबिक, धूम्रपान से समय से पहले बाल सफेद होने की समस्या भी हो सकती है.
रिसर्च में पाया गया कि धूम्रपान करने वालों में समय से पहले बाल सफेद होने की संभावना 2.5 गुना अधिक होती है. ऐसा इसलिए है क्योंकि बालों के रोम ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति पर निर्भर करते हैं जो ब्लड स्ट्रीम से उन तक पहुंचाई जाती है.
धूम्रपान से कैंसर, फेफड़ों की बीमारी और हृदय संबंधी समस्याओं सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं लेकिन यह आपके बालों के झड़ने का कारण भी बन सकता है. हालांकि पुरुषों में होने वाला गंजापन अक्सर आनुवांशिक होता है लेकिन एक्सपर्ट कहते हैं कि धूम्रपान बालों के तेजी से पतले होने और समय से पहले सफेद भी कर सकता है.
यूके हेयर ट्रांसप्लांट्स एक्सपर्ट का कहना है कि धूम्रपान बालों की ग्रोथ साइकिल और नेचुरल रंग रहने में समस्या पैदा करता है जिससे बाल अधिक झड़ने लगते हैं और सफेद होने लगते हैं.
जब आप धूम्रपान करते हैं तो आपके ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ता है और आपका शरीर खोपड़ी तक आवश्यक पोषक तत्व नहीं पहुंचा पाता. इसके साथ ही समय के साथ धूम्रपान ब्लड स्ट्रीम को भी कम कर देता है जिससे आपके बाल बेजान दिखने लगते हैं और रूखेपन, टूटने और दोमुंहे होने की संभावना बढ़ जाती है.
ऐसे में यदि आप भी बाल झड़ने की इस समस्या से बचना चाहते हैं तो धूम्रपान छोड़ना आपके स्वास्थ्य के लिए सबसे अच्छी चीजों में से एक है और आप देखेंगे कि कुछ ही समय में आपके बालों की हेल्थ अच्छी हो रही है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क