फैक्ट चेक: मलबे में फंसे फिलिस्तीनी बच्चे का नहीं है ये वीडियो, जानिए इसकी पूरी कहानी

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इस वीडियो में दिख रही बच्ची मलबे में नहीं दबी थी. वो बस अपने घर में खेल रही थी और सुराख से झांक रही थी. साथ ही, ये बच्ची फिलिस्तीन की नहीं बल्कि सीरिया की है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये एक फिलिस्तीनी बच्चा है जो मलबे के नीचे दबा हुआ मदद का इंतजार कर रहा है.
सच्चाई
ये बच्ची फिलिस्तीन की नहीं बल्कि सीरिया की है जो अपने घर में खेलते हुए दीवार में बने सुराख से झांक रही थी.

सत्यम तिवारी

  • नई दिल्ली,
  • 29 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 10:57 PM IST

गाजा पर हो रहे इजरायली हमलों के बीच सोशल मीडिया एक बच्चे का वीडियो वायरल हो  गया है. कई लोग इसे फिलिस्तीनी का बताते हुए कह रहे हैं कि ये बच्चा किसी इमारत के मलबे के नीचे दबा हुआ मदद का इंतजार कर रहा है. ऐसा भी कहा जा रहा है कि इजरायल द्वारा किये गए हमले के बाद इस बच्चे की ये स्थिति हुई है. वीडियो में बच्चे को एक दीवार में बने सुराख के पीछे देखा जा सकता है.

Advertisement

इसे एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “मलबे के नीचे दबा एक फिलिस्तीनी बच्चा मदद का इंतजार कर रहा है, कितना हृदयविदारक दृश्य है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पर मौन है”. ऐसे एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इस वीडियो में दिख रही बच्ची मलबे में नहीं दबी थी. वो बस अपने घर में खेल रही थी और सुराख से झांक रही थी. साथ ही, ये बच्ची फिलिस्तीन की नहीं बल्कि सीरिया की है.

कैसे पता चली सच्चाई?

वायरल पोस्ट्स के कमेंट सेक्शन में हमें इस बच्ची का एक और वीडियो मिला. ये वीडियो सुराख वाली दीवार के दूसरी तरफ का है. इसमें देखा जा सकता है कि बच्ची अपने कमरे की दीवार में बने सुराख से झांक रही है. इससे ये भी पता चलता है कि बच्ची किसी मलबे के नीचे नहीं दबी है.

Advertisement

हमें एक और वीडियो मिला जिसमें एक टिकटॉक अकाउंट “userftdvvrl92i” का वॉटरमार्क नजर आ रहा है. हमने देखा कि इस टिकटॉक अकाउंट पर वायरल वीडियो 26 अक्टूबर को अपलोड किया गया था.

हमें इस अकाउंट पर इसी बच्ची के दीवार के सुराख से बाहर देखने के और भी वीडियो मिले. इनमें से एक वीडियो में बच्ची दीवार के दूसरी तरफ खेलती हुई दिखती है. टिकटॉक अकाउंट पर पोस्ट किये गए वीडियो का स्क्रीनशॉट नीचे देखा जा सकता है.

इस टिकटॉक अकाउंट पर पोस्ट किये गए एक वीडियो में बच्ची को फिलिस्तीनी बताने वाले दावों का भी जिक्र किया गया है. इसके कैप्शन में लिखा है कि ये बच्ची मलबे में नहीं फंसी थी, और वो एकदम सही-सलामत है. अरबी भाषा में लिखे कैप्शन में ये भी बताया गया है कि ये बच्ची फिलिस्तीन की नहीं बल्कि सीरिया की है. इस पोस्ट में लोगों से बच्ची के वीडियो अपलोड न करने की विनती भी की गई है.

इस तरह से ये साफ हो जाता है कि सीरिया में खेलती हुई एक बच्ची को फिलिस्तीन में मलबे में फंसी बच्ची बताया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement