फैक्ट चेक: पंकज त्रिपाठी ने बीजेपी के खिलाफ नहीं किया कैंपेन, वायरल वीडियो एडिटेड है

फरवरी 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल तैयारी में जुटे हैं. लेकिन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को देखकर लगता है कि नेताओं के साथ-साथ अभिनेता भी चुनावी मैदान में कूद चुके हैं. वीडियो में एक्टर पंकज त्रिपाठी एक मूंगफली बेचने वाले का किरदार निभा रहे हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
वीडियो में एक्टर पंकज त्रिपाठी बीजेपी को वोट न देने की अपील कर रहे हैं.
सच्चाई
ये वीडियो एडिटेड है. असल में पंकज किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं, बल्कि यूपीआई फ्रॉड के बारे में बात कर रहे थे.

संजना सक्सेना

  • नई दिल्ली,
  • 05 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 8:29 PM IST

फरवरी 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल तैयारी में जुटे हैं. लेकिन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को देखकर लगता है कि नेताओं के साथ-साथ अभिनेता भी चुनावी मैदान में कूद चुके हैं.

वीडियो में एक्टर पंकज त्रिपाठी एक मूंगफली बेचने वाले का किरदार निभा रहे हैं. पंकज कहते हैं, “हम मूंगफली बेचते हैं, अपना अक्ल नहीं. ये मैसेज देखिए. भाजपा वालों ने भेजा है, कह रहे हैं वोट दो, हम विकास करेंगे. अरे, हमको मालूम नहीं है क्या? इधर हम इन्हें वोट देंगे, उधर सरकारी पैसा गायब. मूंगफली वाला हूं, मूर्ख नहीं हूं. याद रहे, अगर भाजपा के लोग कोई लालच दें, तो कहो, मैं मूर्ख नहीं हूं.”

Advertisement

गौर करने वाली बात है कि आम आदमी पार्टी ने खुद 5 दिसंबर को ये वीडियो किया था. लेकिन, कुछ ही घंटों में पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से ये वीडियो डिलीट कर दिया गया. इसका आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

इसके अलावा आप राजस्थान, आप सीलमपुर, समेत कई सोशल मीडिया यूजर्स ये वीडियो शेयर कर चुके हैं.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो एडिटेड है. असल वीडियो में एक ऐड कैंपेन के तहत पंकज यूपीआई फ्रॉड के बारे में बात कर रहे थे, किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं.

कैसे पता लगाई सच्चाई?

कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें इससे मिलता-जुलता एक वीडियो 23 सितंबर, 2024 के एक फेसबुक पोस्ट में मिला. दिखने में ये वीडियो, वायरल हो रहे क्लिप जैसा ही है. लेकिन, इसमें पंकज केवल यूपीआई फ्रॉड के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं. पूरे वीडियो में उन्हें कहीं भी बीजेपी, या किसी भी राजनीतिक दल का नाम लेते हुए नहीं देखा जा सकता.

Advertisement

  

असल वीडियो में एक जगह पंकज त्रिपाठी अपने मोबाइल की स्क्रीन दिखाते हैं. उनके मोबाइल पर आए मैसेज में लिखा है, “विजेता. बधाई हो! आपने 25,00,000 रुपये की लॉटरी जीती है! अपना पुरस्कार पाने के लिए यहां क्लिक करें,” और आखिर में एक लिंक दिया गया है. वायरल वीडियो में इस मैसेज की जगह, फोन पर बीजेपी के सिंबल के साथ ‘वोट फॉर बीजेपी’ लिख कर आता है. दोनों वीडियो की तुलना करने पर साफ पता चलता है कि वायरल वीडियो में एडिटिंग की गई है.

नवंबर 2023 में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने पंकज त्रिपाठी को यूपीआई सेफ्टी एम्बेसडर नियुक्त किया था और इस साल सितंबर में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ने ‘मैं मूर्ख नहीं हूं’ नाम का एक जागरूकता अभियान शुरू किया. इस कैंपेन का मकसद था डिजिटल पेमेंट से जुड़े स्कैम के बारे में लोगों को जागरूक करना. अभियान के तहत जारी किये गए एक विज्ञापन में पंकज एक मूंगफली बेचने वाले का किरदार निभाते हुए, लॉटरी के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े के बारे में बता रहे हैं.

एनपीसीआई ने इस साल 6 नवंबर को एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया था कि वो यूपीआई सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए एक अभियान शुरू कर रहे हैं. इस अभियान के लिए पंकज त्रिपाठी 6 ऐड फिल्म्स बनाएंगे.

Advertisement

अब तक, मूंगफली बेचने वाले किरदार के अलावा, पंकज पान वाले और एक कारोबारी का किरदार निभाते हुए इस तरह के और भी विज्ञापन बना चुके हैं.

वीडियो के बारे में और जानकारी के लिए हमने पंकज त्रिपाठी की पीआर टीम से संपर्क किया. अगर उनका जवाब आता है, तो खबर को अपडेट कर दिया जाएगा.

साफ है, बीजेपी के खिलाफ प्रचार करते एक्टर पंकज त्रिपाठी का वीडियो एडिटेड है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement