फिल्म "धुरंधर 2: द रिवेंज" की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर अचानक लोगों की तलाशी और उनसे पूछताछ के कई वीडियो वायरल हो गए हैं. इन्हें शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि पाकिस्तान में ‘हमज़ा’ जैसे भारतीय जासूसों को खोजने का अभियान तेज हो गया है.
19 मार्च, 2026 को ईद पर रिलीज हुई निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए. फिल्म में एक्टर रणवीर सिंह ने हमज़ा नाम के एक जासूस का किरदार निभाया है जो पाकिस्तान में रहकर जासूसी करता है.
वायरल वीडियो में कुछ पुलिसवाले, सड़क किनारे सो रहे एक बुजुर्ग को नींद से उठाते हैं और उसकी तलाशी लेते हैं. कुछ देर बाद उनमें से एक व्यक्ति कहता है, "चलें बाबाजी, सो जाएं." इसके बाद वो पुलिसवाले चले जाते हैं.
एक एक्स यूजर ने एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “धुरंधर 2 से पाकिस्तान में फैला इन्फेक्शन. पाकिस्तान के ल्यारी छेत्र में पाकिस्तानी भारतीय Raw एजेंट्स को ढूंढने के चक़्कर में वहां के लोकल मुस्लिमों को ढूंढ ढूंढ कर मार रहे. अब तक शक के आधार पर 7 मुस्लिम मारे जा चुके हैं लेकिन वहां का मीडिया इन खबरों को नहीं दिखा रहा है…गज़ब”
आजतक फैक्ट चेक ने पाया ये वीडियो “धुरंधर-2" फिल्म की रिलीज से पहले से ही इंटरनेट पर मौजूद है. दरअसल ये पाकिस्तान पुलिस के एंटी-ड्रग अभियान से संबंधित है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें 26 दिसंबर, 2025 के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला.
हमने वीडियो में दिख रहे पुलिस अफसर का इंस्टाग्राम अकाउंट खोजा. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक अफसर का नाम यूनुस अमीन है और वो पाकिस्तान के एंटी नारकोटिक्स एंड क्राइम कंट्रोल (ANCC) ऑपरेशनल डायरेक्टर हैं. ANCC की आधिकारिक वेबसाइट से भी इसकी पुष्टि होती है. अमीन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमें ड्रग अभियान से संबंधित और भी कई वीडियो मिले. ये वायरल वीडियो से काफी मिलते-जुलते हैं.
हमें पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट एक्सप्रेस न्यूज की 19 जुलाई, 2025 की रिपोर्ट भी मिली जिसके मुताबिक कराची में नशे के आदी लोगों के खिलाफ यूनुस अमीन "ग्रैंड ऑपरेशन" चल रहे थे. अमीन, पुलिस के साथ मिलकर नशाग्रस्त लोगों को पकड़ते हैं और रिहैब सेंटर भेजते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक नशा मुक्ति अभियान के वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें धमकियां भी मिल रही थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बेखौफ होकर अपना काम जारी रखा.
डायलॉग पाकिस्तान नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 21 जुलाई, 2025 को अपलोड किए गए एक वीडियो में हमें अमीन का एक इंटरव्यू भी मिला. इसमें वो बताते हैं कि वो सिंध पुलिस के साथ कराची की सड़कों से नशाग्रस्त लोगों को हटाने के लिए "ग्रैंड ऑपरेशन" चला रहे हैं. ऐसी लत के आदी लोग अक्सर मोटरसाइकिल चोरी और बैटरी स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं. इस मुहिम के तहत नशे के आदी लोगों को रिहैब सेंटरों में भेजा जाता है, जहां उन्हें इलाज और तरह-तरह का हुनर सिखाया जाता है.
सोशल मीडिया पर ऐसे और भी कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें सड़क किनारे लोगों से पूछताछ हो रही है या उनकी तलाशी ली जा रही है. इनमें से ज्यादातर में यूनुस अमीन मौजूद हैं. ये भी नशा मुक्ति अभियान से संबंधित हो सकते हैं. हालांकि हम उन वीडियोज के बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते.
साफ है, पाकिस्तान में नशा मुक्ति अभियान के एक पुराने वीडियो को फिल्म "धुरंधर 2" का असर बताकर शेयर किया जा रहा है.
aajtak.in