फैक्ट चेक: देर रात पार्टी के बाद लड़की को नाले में फेंका? नहीं, ये है इस वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महिला को नाले में फेंकते दिखाया जा रहा है, जिसे लोग असली घटना बता रहे हैं. आजतक के फैक्ट चेक में जानिए इस वायरल वीडियो की सच्चाई...

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे देर रात हुई पार्टी के बाद एक शख्स ने लड़की को नाले में फेंक दिया.
सच्चाई
ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. ये साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म Mom का एक सीन है.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 17 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:06 PM IST

सोशल मीडिया पर इस वक्त एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जो किसी को भी विचलित कर सकता है. वीडियो में किसी नाले के पास खड़ी एक कार नजर आती है. कार में से एक महिला को धक्का देकर बाहर फेंक दिया जाता है. इसके बाद एक शख्स महिला को लात मारकर नाले में गिराता नजर आता है.

अब वीडियो के साथ कुछ लोग लिख रहे हैं कि लड़की देर रात तक पार्टी कर रही थी. पार्टी के बाद कुछ लोगों ने लड़की को इस हाल में नाले में फेंक दिया. कुछ लोगों ने तो इसे ‘डिजिटल दोस्ती’ का ‘डार्क साइड’ तक बता दिया. एक वायरल पोस्ट में लिखा है कि इस लड़की से पहले तो इंस्टाग्राम पर दोस्ती की गई, फिर लड़की का इस्तेमाल करके उसे नाले में फेंक दिया गया.

Advertisement

इन्हीं दावों के साथ ये वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स पर खूब वायरल है. ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

हालांकि आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. ये साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म Mom का एक सीन है.

कैसे पता की सच्चाई?

वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए एक व्यक्ति ने इसे बॉलीवुड फिल्म ‘Mom’ का एक सीन बताया है. यूट्यूब पर बॉलीवुड प्रीमियम नाम के चैनल पर ये पूरी फिल्म मौजूद है. चेक करने पर हमें इस फिल्म में वायरल क्लिप वाला हिस्सा भी मिल गया.

करीब 2 घंटे 46 मिनट की इस फिल्म में 24 मिनट 10 सेकंड पर वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है जिसमें एक शख्स एक लड़की को लात मारकर नाले में गिराता हुआ नजर आ रहा है.

Advertisement

यानि साफ है कि जिस वीडियो एक असली घटना का बताकर सनसनीखेज दावों के साथ इंटरनेट पर शेयर किया जा रहा है, वो असल में एक फिल्म का सीन का है.

फिल्म Mom साल 2017 में रिलीज हुई थी. इसमें श्रीदेवी ने मुख्य किरदार निभाया था. ये फिल्म मां-बेटी के रिश्तों पर आधारित है. फिल्म में मां के किरदार का नाम देवकी है, जिसे श्रीदेवी ने निभाया है. बेटी के किरदार का नाम आर्या है. एक पार्टी के दौरान आर्या के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है. इसके बाद देवकी एक-एक करके सभी अपराधियों से बदला लेती है.
 

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement