मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल की हालत बिगड़ गई है. गुरुवार को उन्हें थोड़ी देर के लिए आईसीयू से बाहर निकाला गया था. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कार क्रैश करने के बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. मैनेजर रोहित पांडे ने हेल्थ अपडेट देते हुए बताया कि अनुराग की हालत नाजुक हो गई है.
नाजुक हालात में अनुराग
पिछले रविवार अनुराग डोभाल ने चलती कार में सुसाइड करने की कोशिश की थी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर ये भयंकर कदम उठाया. घटना के बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया. पिछले 7 दिनों से वो हॉस्पिटल में हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. शनिवार सुबह अनुराग के मैनेजर ने उनकी हेल्थ अपडेट दी.
रोहित ने लिखा अनुराग भाई की हालत सुबह तक स्थिर थी, लेकिन अब वो गंभीर हालात में हैं. उनकी कंडीशन बिगड़ती जा रही है. एक्सीडेंट में फेफड़ों को आंशिक नुकसान पहुंचा था, जिससे गंभीर इंफेक्शन हो गया. उन्हें सीवियर निमोनिया डायग्नोज हुआ है, डॉक्टरों की निगरानी में हैं. सबसे निवेदन है कि उनके लिए दुआ करें.
गुरुवार को अनुराग को आईसीयू से डिस्चार्ज किया गया था. रोहित ने उनकी फोटो शेयर की, जिसमें अनुराग बेड पर लेटे मुस्कुराते हुए पीस साइन दिखा रहे थे. तस्वीर का कैप्शन था, अनुराग भाई आईसीयू से बाहर हैं. हम 24x7 उनके साथ हैं. जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करें.
अनुराग क्यों खत्म करना चाहते थे जिंदगी
अनुराग ने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. यूट्यूबर का कहना है कि उनका परिवार रितिका से इंटरफेथ मैरिज के खिलाफ था. लेकिन उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी रचाई. शादी के बाद उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी गई. अनुराग ने यूट्यूब पर वीडियो शेयर करते हुए इसे अपना ‘आखिरी’ वीडियो बताया. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ हुआ, तो इसके लिए उनके माता-पिता और भाई कलाम इंक जिम्मेदार होंगे.
दूसरी ओर अनुराग की फैमिली का कहना है कि वो झूठ बोल रहे हैं. सच्चाई वो नहीं है, जो उन्होंने यूट्यूब पर दिखाई. सच वो जो दुनिया नहीं देख पा रही है. अनुराग के भाई ने सोशल मीडिया पर उनकी व्हाट्अप चैट भी लीक की थी. फिलहाल फैन्स उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.
aajtak.in