टीवी की दो बहुओं के बीच एक तगड़ी कैटफाइट हो गई है. एक्ट्रेस सुरभि चंदना और तेजस्वी प्रकाश, जो एक ही साथ वेब शो में नजर आए हैं. अब दोनों के रिश्ते खराब हो चुके हैं. खबर थी कि तेजस्वी, सुरभि के साथ इस शो को प्रमोट नहीं करना चाहतीं जिसके लिए वो इवेंट में भी उनके साथ नहीं पहुंचीं.
तेजस्वी के बर्ताव पर क्या बोलीं सुरभि?
सुरभि चंदना अपने को-स्टार अनुद सिंह ढाका के साथ मीडिया को इंटरव्यू देने के लिए पहुंच चुकी थीं. उन्होंने कई घंटों तक तेजस्वी का इंतजार किया. मगर जैसे ही तेजस्वी आईं, उन्होंने सुरभि के साथ जॉइंट इंटरव्यू देने से मना किया. कहा गया कि सुरभि इस घटना से इतनी दुखी हुईं कि वो इवेंट से रोते-रोते चली गईं. उनके बाकी को-एक्टर्स ने इस तनावपूर्ण माहौल का सामना किया. हर कोई इससे हैरान हुआ और सोशल मीडिया पर तेजस्वी के बर्ताव पर सवाल उठने लगे.
अब इस घटना के बाद सुरभि का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने इंडिया फोरम्स से कहा, 'ये एक दुख की बात थी, लेकिन इसके बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है. पूछने के लिए शुक्रिया.' एक्ट्रेस ने ये भी साफ किया कि घटना से उन्हें थोड़ा बुरा जरूर लगा और वो निराश भी हुईं. लेकिन तेजस्वी के इस बर्ताव से उनपर व्यक्तिगत रूप से कोई असर नहीं पड़ा. हालांकि तेजस्वी ने अभी तक इस मामले पर कोई सफाई या ऑफिशियल नोट जारी नहीं किया है.
क्या है तेजस्वी-सुरभि की सीरीज?
तेजस्वी प्रकाश और सुरभि चंदना अपनी वेब सीरीज 'साइको सैय्यां' के लिए सुर्खियों में बने, जो MX Player पर 25 फरवरी से स्ट्रीम हुई है. ये एक गैंगस्टर-ड्रामा लव स्टोरी है, जिसमें रवि किशन, अश्विनी केलसेकर जैसे स्टार एक्टर भी मौजूद हैं. सीरीज में तेजस्वी मेन लीड में नजर आ रही हैं. वहीं सुरभि भी एक अहम रोल में हैं.
तेजस्वी प्रकाश पिछले कुछ वक्त से टीवी के टॉप शोज में काम कर रही हैं. उन्हें 'नागिन 6', 'लाफ्टर शेफ', 'सेलिब्रिटी मास्टर शेफ', 'खतरों के खिलाड़ी', 'बिग बॉस' जैसे हिट शोज में देखा गया है. वहीं सुरभि चंदना भी 'नागिन 5', 'इश्कबाज' और 'तारक मेहता' जैसे पॉपुलर टीवी सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं.
aajtak.in