कोरोना की दूसरी लहर ने भारत में भारी तबाही मचा दी है और कई रिकॉर्ड रोजाना टूटते दिखाई पड़ रहे हैं. इसी कड़ी में इस महामारी ने रियलिटी शो इंडियन आइडल के मेकर्स की मुसीबत बढ़ा दी है. होस्ट आदित्य नारायण के पॉजिटिव आने के बाद अब कंटेस्टेंट पवनदीप को भी कोरोना हो गया है. सिंगर भी इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.
इंडयन आइडल कंटेस्टेंट को हुआ कोरोना
पवनदीप का कोरोना पॉजिटिव आना मेकर्स के लिए बड़ा झटका है क्योंकि दूसरे तमाम कंटेस्टेंट भी इससे खतरे में आ जाते हैं. बताया गया है कि वैसे तो कंटेस्टेंट के आइसोलेशन का पूरा ध्यान रखा जाता है, लेकिन फिर भी एक कंटेस्टेंट का पॉजिटिव आना सभी को मुश्किल में डालता है. पवनदीप को लेकर कहा जा रहा है कि उन्होंने कोरोना के कुछ हल्के लक्ष्ण दिखाए थे जिसके बाद उनका टेस्ट करवाया गया और वे पॉजिटिव निकले. खबर है कि अब इंडियन आइडल के सभी कंटेस्टेंट का कोरोना टेस्ट करवाया जा रहा है. सभी की रिपोर्ट का इंतजार है.
आदित्य भी पॉजिटव
कहा तो ये भी जा रहा है कि पवनदीप कुछ समय के लिए वर्जुअल अंदाज में अपनी परफॉर्मेंस देते दिख जाएंगे. वे अपने होटल रूम से ही गायकी का जादू बिखरने वाले हैं. वहीं दूसरे कंटेस्टेंट क्योंकि अभी किसी भी तरह के लक्षण नहीं दिखा रहे हैं, ऐसे में उन्हें स्टेज पर ही परफॉर्म करना होगा. आदित्य नारायण की बात करें तो वे भी कोरोना से रीकवर कर रहे हैं. सिंगर सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत को लेकर लगातार जानकारी शेयर कर रहे हैं. सभी को यहीं उम्मीद है कि वे फिर इंडियन आइडल पर वापसी कर सकते हैं.
मुश्किल में टीवी इंडस्ट्री
वैसे कोरोना की दूसरी लहर ने रियलिटी शो को भारी नुकसान दिया है. अगर इंडियन आइडल के सेट पर कोरोना ने दस्तक दी है तो डांस दीवाने के सेट पर कोरोना विस्फोट हुआ है और कई लोग संक्रमित पाए गए हैं. कई टीवी स्टार भी इस समय कोरोना से जंग लड़ रहे हैं. ऐसे में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए कोरोना की ये दूसरी लहर काफी घातक साबित हो रही है.
aajtak.in