हिमालय के एक दूर-दराज के गांव में एक गरीब किसान के संघर्षों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म मोतीबाग को ऑस्कर अवॉर्ड्स 2019 के लिए नॉमिनेट किया गया है. इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को निर्मल चंद्र डंडरियाल ने डायरेक्ट किया है. इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फिल्म के डायरेक्टर निर्मल को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस उपलब्धि को शेयर किया है.
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि यह अत्यंत गर्व का विषय है कि पौड़ी के एक किसान विद्यादत्त जी के जीवन संघर्ष पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म #मोतीबाग का चयन ऑस्कर अवार्ड के लिए हुआ है. मैं फिल्म के निर्देशक निर्मल चंद्र डंडरियाल को इस प्रयास के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं.
रावत के मुताबिक ये फिल्म गांव के युवा लोगों को अपने क्षेत्र में रहने के लिए प्रेरणा देगी और उन्हें अपने कल्चर, अपने समुदाय और अपने लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा देगी. उन्होंने कहा कि ये फिल्म देश के दूर-दराज क्षेत्रों से माइग्रेशन को कम करने में मदद कर सकती है. मुख्यमंत्री रावत ने अपने क्षेत्र के युवा किसानों से भी अपील की कि उन्हें अपने क्षेत्र में माइग्रेशन कम कराने में अहम रोल निभाना चाहिए और उन्हें राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीमों का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेना चाहिए.
उन्होंने अपने इस ट्वीट के कमेंट सेक्शन में लिखा कि यह फिल्म आज की पीढ़ी को पहाड़ में रहकर अपनी माटी की सेवा करने की प्रेरणा देती है. पलायन रोकने के प्रयासों के लिए यह फिल्म एक उत्तम उदाहरण साबित होगी. गौरतलब है कि इस फिल्म को नेपाल के एक प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया जाएगा.'
aajtak.in