कॉमेडी की दुनिया में अपने अनोखे अंदाज से तहलका मचाने वाले समय रैना एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनके सुपरहिट शो 'India's Got Latent' के दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शो की रिलीज डेट को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है. दावा किया जा रहा है कि समय रैना के करीबी दोस्त और सहयोगी बलराज घई ने गलती से उस तारीख का खुलासा कर दिया है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.
समय रैना ने इंस्टाग्राम पर क्या कहा?
इस पूरे चर्चा की शुरुआत तब हुई जब समय रैना ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपने फैंस के लिए एक 'AMA' (Ask Me Anything) सेशन रखा. हमेशा की तरह फैंस ने उनसे 'India's Got Latent Season 2' की वापसी को लेकर सवाल दाग दिए. एक यूजर ने जब पूछा कि नया सीजन कब आएगा, तो समय ने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया कि वह फिलहाल अपने ब्रेक का लुत्फ उठा रहे हैं और तुरंत काम पर लौटने के मूड में नहीं हैं. उन्होंने साफ किया कि वह पूरे महीने आराम करेंगे और उसके बाद ही अगले सीजन की प्लानिंग शुरू करेंगे.
बलराज घई के वीडियो से मची खलबली
समय रैना के इस बयान के तुरंत बाद बलराज घई की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस क्लिप ने फैंस के बीच खलबली मचा दी क्योंकि बलराज ने कथित तौर पर शो के दूसरे सीजन की संभावित तारीख का संकेत दे दिया. वायरल वीडियो के मुताबिक, बलराज ने इशारा किया है कि शो का दूसरा सीजन 9 मई से शुरू हो सकता है. अब लोग कयास लगा रहे हैं कि शायद आधिकारिक ऐलान से पहले ही मेकर्स की यह सीक्रेट डेट गलती से लीक हो गई है.
विवादों से भरा रहा है पिछला सफर
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि 'India's Got Latent' का पिछला सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. फरवरी 2025 में यह शो एक बड़े विवाद में फंस गया था. शो में मेहमान बनकर आए रणवीर इलाहबादिया के एक सवाल पर सोशल मीडिया पर काफी गुस्सा देखा गया, जिसके बाद समय रैना, रणवीर और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) तक दर्ज हुई थी. विवाद इतना बढ़ा कि शो के सभी पुराने एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए थे. अब देखना यह होगा कि दूसरे सीजन में समय रैना किस नए अंदाज के साथ वापसी करते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क