मशहूर हॉलीवुड सिंगर केटी पेरी अक्सर किसी ना किसी कारण से सुर्खियों में रहती हैं. इन दिनों वो कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो को डेट कर रही हैं. 41 साल की सिंगर अपने हिट गानों और लाइव परफॉर्मेंस के चलते भी छाई रहती हैं. केटी इन दिनों इटली के शहर रोम में हैं, जहां वो अपने एक प्राइवेट कॉन्सर्ट के लिए पहुंची थीं.
केटी ने इस दौरान रोम शहर का भी टूर किया. वो वहां के फेमस टूरिस्ट पॉइंट ट्रेवी फाउंटेन पर भी गईं, जहां उन्होंने सेल्फी क्लिक करने के साथ-साथ वहां की परंपरा में हिस्सा लिया. ट्रेवी फाउंटेन में अक्सर जो भी आता है, वो सिक्का डालकर एक विश मांगता है. दुनियाभर से कई लोग यहां इस बड़े से फाउंटेन को देखने आते हैं और सिक्का डालकर अपनी विश पूरी करने की मांग करते हैं.
विश मांगने का केटी ने निकाला अनोखा तरीका
केटी जब फाउंटेन के पास पहुंची, तो उनके पास एक भी सिक्का नहीं था जिसे वो पानी में डालकर विश मांग सकें. सिंगर ने इसका वीडियो भी शेयर किया, जहां वो ऊपर आसमान में देखकर कह रही हैं कि कोई मुझे सिक्का दे दो. आगे वो अपने फेमस गाने 'विटनेस' के लिरिक्स की एक लाइन बोलती हैं.
हालांकि छुट्टे पैसे ना होने के बावजूद, केटी ने अपनी विश मांगी. उन्होंने पानी में अपना क्रेडिट कार्ड कुछ समय तक डाला, और फिर उसे समय रहते बाहर निकाल दिया. उनका ये अनोखा तरीका कई लोगों को पसंद आया है. केटी के इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है.
केटी पेरी पर लगा सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप
केटी इन दिनों बड़ी मुसीबत में भी फंस चुकी हैं. ऑस्ट्रेलियन टीवी होस्ट और एक्ट्रेस रूबी रोज ने उनपर सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया है. ये मामला आज से 15 साल पुराना है. रूबी का दावा है कि केटी पेरी ने मेलबर्न के स्पाइस मार्केट क्लब में उनके साथ गलत हरकत की थी, उन्होंने एक्ट्रेस को सेक्शुअली हैरेस किया था. मगर केटी ने रूबी रोज के सभी दावों को झूठा बताया है. अब देखना है कि केटी और रूबी के बीच हुई ये कॉन्ट्रोवर्सी आगे क्या नया मोड़ लेती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क