90 के दशक में सुपरस्टार रहे गोविंदा के सितारे आज गर्दिश में हैं. उन्हें बड़े पर्दे पर देखे हुए अरसा हो गया है. गोविंदा पिछले दिनों कई कारणों से सुर्खियों में आए थे. सबसे पहले तो वो छोटे इवेंट्स में नाचते-गाते देखे गए. फिर उन्हें अपनी हिट फिल्म 'भागम भाग' के सीक्वल से बाहर होना पड़ा. गोविंदा को इस तरह देखकर उनके फैंस बेहद निराश हैं.
गोविंदा को मिला सुधा चंद्रन का साथ
गोविंदा के धूमिल हो रहे स्टारडम पर उनका परिवार कई बार बात कर चुका है. अब एक्टर के साथ काम कर चुकीं सुधा चंद्रन ने गोविंदा के बॉलीवुड स्ट्रगल पर बात की है. सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में एक्ट्रेस ने बताया कि किस तरह 90s में गोविंदा को इंडस्ट्री में ट्रीट किया जाता था और अब उनकी ये हालत कैसे हुई है.
सुधा ने गोविंदा के सबसे बेहतरीन दौर पर कहा, 'सच बताऊं तो मैंने वो दौर बहुत करीब से देखा है. उस समय हर कोई अपनी फिल्मों में गोविंदा को लेना चाहता था. हर प्रोड्यूसर, हर डायरेक्टर, हर बड़ी कंपनी उन्हें कास्ट करना चाहती थी. वो कहते था कि उसके पास डेट्स नहीं हैं, फिर भी लोग बार-बार मिन्नत करते रहते थे.'
'जब कोई एक्टर एक साथ छह-सात फिल्में करके सबको खुश रखने की कोशिश करता है, तो वो कोई मशीन थोड़ी है. उसके पास भी दिन में सिर्फ 24 घंटे ही होते हैं. उसे सोने, खाने और एक शूटिंग से दूसरी शूटिंग पर जाने का भी समय चाहिए. ऐसी हालत में उन्हें शूट पर देरी होना तो लाजमी बात है.'
गोविंदा के लेट आने की आदत पर क्या बोलीं सुधा?
सुधा चंद्रन ने आगे बॉलीवुड इंडस्ट्री के डबल स्टैंडर्ड्स पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पहले तो लोगों ने गोविंदा से जबरदस्ती फिल्में साइन कराईं, और फिर उन्हें क्रिटिसाइज किया और उनका करियर बर्बाद किया. एक्ट्रेस ने आगे गोविंदा के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस भी शेयर किया.
उन्होंने बताया, 'डेविड धवन के सेट पर गोविंदा हमेशा टाइम पर आते थे. उनकी कॉमिक टाइमिंग, डांसिंग, एक्टिंग- वो इस देश के सबसे बेहतरीन कलाकार में से एक हैं. हमने कई सारे स्टेज शो किए हैं. एक बार हम साउथ अफ्रीका में शो कर रहे थे, वहां हम देर रात तक बैठकर बातें करते थे और हम स्पिरिचुअलिटी पर बात करते थे और वो अपनी मां के किस्से सुनाया करते थे.'
सुधा चंद्रन ने इसी बातचीत के दौरान गोविंदा की ट्रोलिंग पर भी रिएक्ट किया. उन्होंने उन लोगों को फटकार लगाई, जो एक्टर को छोटे इवेंट्स में परफॉर्म करने पर ट्रोल करते हैं. सुधा ने कहा, 'आजकल लोग सोशल मीडिया पर वीडियो डालते हैं और कमेंट करते हैं कि वो छोटे इवेंट्स में डांस कर रहे हैं. लेकिन मुझे तो बस एक ही चीज दिखती है — जहां भी वो परफॉर्म करते हैं, वो पूरी जान लगा देते हैं. वही चमक, वही जोश और आकर्षण. लोग क्या लिखते हैं, उससे क्या फर्क पड़ता है? उन्होंने कभी खुद को जस्टिफाई नहीं किया. कभी कोई जवाबी बयान नहीं दिया. वो ऐसा इंसान नहीं है.'
अंत में सुधा चंद्रन ने गोविंदा के कमबैक की उम्मीद की. उनका कहना है कि वो चाहती हैं एक्टर इंडस्ट्री में वापस आएं, लेकिन गोविंदा को खुद को वक्त के साथ बदलने की जरूरत है. सुधा चंद्रन गोविंदा के कमबैक का इंतजार कर रही हैं.
aajtak.in