कुछ सफर सिर्फ मंजिल तक पहुंचने के लिए नहीं होते, बल्कि दर्द को ताकत में बदलने के लिए होते हैं. स्क्रीन पर जो मुस्कान हम देखते हैं, उसके पीछे संघर्ष, हिम्मत और खामोश मेहनत की कहानियां छिपी होती हैं. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है वेटरन एक्टर के के गोस्वामी की. एक्टर इन दिनों दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी में खंबा का किरदार निभाकर लोगों का दिल जीत रहे हैं.
छोटी हाइट की वजह से झेली मुश्किलें
अपनी कहानी शेयर करते हुए के.के. गोस्वामी कहते हैं- लोग मुझे और मेरे परिवार को बहुत ताने मारते थे. वो अक्सर मेरी हाइट को लेकर बातें करते थे. लेकिन सच कहूं तो लोग हर किसी में कुछ न कुछ कमी निकाल ही लेते हैं. उस समय मैंने इन बातों को खुद पर हावी नहीं होने दिया. बल्कि मैं मानता हूं कि अगर उन्होंने मुझे चिढ़ाया नहीं होता या ये नहीं कहा होता कि ‘तुम जिंदगी में कुछ नहीं कर पाओगे’ या ‘तुम्हारी हाइट बहुत छोटी है’, तो शायद मैं इतना मेहनत नहीं करता.
एक्टर ने बताया कि लोगों के मजाक उड़ाने ने उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी. वो बोले- उनके हंसने का तरीका, उनके चेहरे के भाव- सब मेरी ताकत बन गए. उन्होंने मुझे और मेहनत करने और खुद को साबित करने की प्रेरणा दी.
भूखे पेट सोने पर हुए मजबूर
केके गोस्वामी ने आगे कहा- मुंबई में शुरुआती दिनों में जिंदगी बहुत मुश्किल थी. कई बार ऐसा होता था कि मैं चार-चार दिन में सिर्फ एक बार खाना खाता था, और कभी-कभी 7-8 दिन भी बिना खाए रह जाता था. मैं सिर्फ पानी पीकर सो जाता था. कई लोगों ने मुझे खाना ऑफर किया, लेकिन मैं बहुत स्वाभिमानी था. मैं कह देता था कि ‘मैं खा चुका हूं’, भले ही मैंने कुछ नहीं खाया होता.
'शुरुआत में कम हाइट वाले लोगों के लिए काम बहुत कम था. मौके बहुत कम मिलते थे. लेकिन मेहनत, धैर्य और लगन से धीरे-धीरे सब बदल गया. आज मुझे टीवी इंडस्ट्री में 25 साल से ज्यादा का अनुभव है और मैं इस शो में खंबा का रोल निभा रहा हूं.'
केके का सफर
केके का पूरा नाम कृष्णकांत गोस्वामी है. उनकी हाइट 3 फीट 9 इंच है. वो 52 साल के हैं. एक्टर हिंदी, गुजराती, मराठी, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुके हैं. उन्हें खास तौर पर शक्तिमान में डबल रोल निभाने के लिए जाना जाता है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जूनियर-जी में एक विलेन के रूप में की थी.
इसके बाद विक्राल और गबराल में उन्हें लीड रोल मिला, जिसमें उन्होंने गबरू/गबराल का किरदार निभाया. इसके बाद भी उन्होंने शशश...कोई है शो में गबरू का रोल जारी रखा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क