सलमान खान का दिल कितना बड़ा है, ये हम कई बार देख चुके हैं. अपनी फाउंडेशन बीइंग ह्यूमन से एक्टर ने कई लोगों की मुश्किलें हल ही हैं. अगर रिपोर्ट्स की मानी जाए, तो सलमान इस देश के पहले इंसान हैं जिन्होंने अपनी बोन मैरो, एक छोटी सी बच्ची की जान बचाने के लिए डोनेट की है.
सलमान अक्सर अपने फैंस का दिल खुश करने के लिए ऐसा काम कर देते हैं जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की होती. एक्टर ने एक बार अपनी सिर्फ एक कॉल से फैन को जिंदगी और मौत से जंग लड़ने में मदद की थी. रीना राजू, जिनकी तीन बार हार्ट-ट्रांसप्लांट सर्जरी हो चुकी है, उन्होंने सलमान से जुड़ा किस्सा साझा किया है.
कैसे सलमान ने बढ़ाया फैन का हौसला?
रीना राजू ने आरजे सौजन्या से बातचीत के दौरान बताया कि जब उनकी पहली बार हार्ट-ट्रांसप्लांट सर्जरी हो रही थी, तब सलमान ने अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर उन्हें कॉल किया ताकि वो अपनी फैन का हौसला बढ़ा सके. सलमान कितने दयालु हैं, इसपर रीना बोलीं- सलमान सर के बारे में बात करते हुए मैं इमोशनल हो जाऊंगी. सबसे पहले तो मैं ये कहना चाहूंगी कि मैं उन्हें दिल से प्यार करती हूं.
'जब मेरी तबीयत ठीक नहीं थी और मेरी पहली हार्ट ट्रांसप्लाट सर्जरी से पहले मेरे पास उनका नंबर था. कितने लोग उन्हें मैसेज करते होंगे, लेकिन उन्होंने मुझे जवाब दिया और मैंने उन्हें बताया कि मेरी हार्ट ट्रांसप्लांट सर्जरी हो रही है. वो तब ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग कर रहे थे. उन्होंने सर्जरी से पहले की रात मुझे कॉल किया और हमसे करीब 2 घंटे तक बात की. वो मेरे परिवार से काफी दयालु थे और सर्जरी के दर्द से गुजरने के लिए मेरा हौसला बढ़ाया.'
रीना आगे बताती हैं कि पहली सर्जरी के बाद उनका सलमान से कनेक्शन टूट गया था. मगर जब उन्होंने एक्टर को अपने फाउंडेशन के लिए कॉल किया, तब उन्होंने उन्हें तुरंत पहचान लिया. सलमान ने रीना की दूसरी हार्ट-ट्रांसप्लांट सर्जरी के दौरान भी उनका हौसला बढ़ाया था. सुपरस्टार ने अपनी फैन को अपने घर गैलेक्सी अपार्टमेंट बुलाकर उनके लिए पार्टी रखी और रीना का हौसला बढ़ाया. सलमान अपनी फैन को फिल्म रेस 3 के सेट पर भी ले गए थे, जहां उन्होंने उनके लिए एक और बड़ा काम किया.
रीना ने कहा, 'सलमान सर मुझे अपनी फिल्म रेस 3 के सेट पर ले गए. हमने वहां पूरा दिन बिताया. उन्होंने मुझे अपनी बीइंग ह्यूमन की व्हाइट कलर साइकिल गिफ्ट की क्योंकि उन्हें याद था कि मैंने उन्हें कई सालों पहले इसके बारे में मैसेज किया था.'
aajtak.in