बधाई हो! बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा के घर खुशियों ने दस्तक दी है. उनकी पत्नी लिन लैशराम ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है. खास बात ये है कि जिस दिन (10 मार्च) उनकी लाडली का जन्म हुआ, उसी दिन रणदीप के पिता रणबीर हुड्डा का जन्मदिन भी होता है. ऐसे में ये दिन उनके परिवार के लिए डबल सेलिब्रेशन लेकर आया है. कपल का अपनी नन्ही परी का वेलकम कर खुशी से झूम रहा है.
पिता बने रणदीप
रणदीप ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर कर इस खुशखबरी को फैंस के साथ शेयर किया. साथ ही बेटी की पहली झलक भी दिखाई. पोस्ट में उनके पिता अपनी नवजात पोती को गोद में लिए नजर आ रहे हैं. तस्वीर के साथ उन्होंने अपने पिता और बेटी दोनों को जन्मदिन की ढेरों बधाइयां दीं. वहीं एक और तस्वीर में रणदीप ने बेटी के प्यारे से छोटे से हाथों की बंद मुट्ठी दिखाई. पोती को गोद में लिए दादा की खुशी भी देखते ही बनती है. वो खुशी से चहकते दिखे.
बेटी की पहली झलक दिखाते हुए रणदीप ने अपने पोस्ट में भावुक होते हुए लिखा कि आज जब वो खुद पिता बने हैं, तो उन्हें अपने पापा की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा समझ में आ रही है. उन्होंने अपनी पत्नी लिन का भी खास तौर पर शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें पिता बनने का सुख दिया और उनकी जिंदगी में इस नन्ही परी को लेकर आईं.
रणदीप ने अपने पोस्ट की शुरुआत अपनी मातृभाषा हरियाणवी से की और लिखा- दादा और पोती को बधाई. साथ ही एक्टर ने अपनी बेटी के लिए बेहद प्यारे शब्द लिखते हुए कहा कि एक छोटी सी बच्ची के साथ जिंदगी भर का प्यार भी आता है. उनके इस भावुक पोस्ट पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उन्हें बधाई दे रहे हैं.
रणदीप और लिन की ये खुशखबरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी इस कपल को नई पेरेंटहुड जर्नी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.
रणदीप ने अपनी लेडी लव लिन लैशराम से 29 नवंबर 2023 में शादी की थी. मणिपुरी रीति-रिवाज से हुई ये शादी बेहद खास रही थी. हाल ही में कपल ने गोदभराई की रस्म की थी. कुछ दिन पहले ही रणदीप-लिन ने मैटरनिटी फोटोशूट की झलक दिखाई दी. जहां दोनों बेबी बंप थामे रोमांटिक होते दिखे थे. एक्टर 49 साल के हैं तो वहीं लिन 40 साल की हैं. कपल ने शादी के 3 साल बाद अपने पहले बच्चे का वेलकम किया है.
aajtak.in