लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाले राजपाल यादव पिछले दिनों बड़ी मुसीबत में थे. उन्हें करोड़ों रुपयों के चेक बाउंस के कारण जेल जाना पड़ा. एक्टर पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है, जिसे उन्हें चुकाना है. लेकिन राजपाल के साथ उनके चाहने वाले और पूरी इंडस्ट्री खड़ी है. उन्हें जेल से बेल पर बाहर निकालने में सभी का अहम योगदान रहा है.
राजपाल ने शुरू की फिल्म की शूटिंग
राजपाल यादव करीब 12 दिनों तक तिहाड़ जेल में थे. 5 फरवरी को उन्होंने सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें कोर्ट से 1.5 करोड़ रुपये में बेल मिल गई. 17 फरवरी के दिन वो जेल से बाहर निकले, जिसके बाद वो सीधे अपने गांव शाहजहांपुर गए, जहां उनकी भतीजी की शादी थी. वहां राजपाल ने परिवार के साथ काफी समय गुजारा और अपनी चिंता पीछे छोड़कर शादी के सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया.
अब राजपाल अपने काम पर भी लौट आए हैं. मुंबई में वो एक फिल्म की शूटिंग पर वापस पहुंचे, जिसका वीडियो खुद एक्टर ने शेयर किया. अपनी वैनिटी वैन में बैठकर राजपाल ने बताया कि वो ईश्वर और अपने चाहने वालों की वजह से काम पर लौट गए हैं. एक्टर ने आगे अपनी 30 सालों की जर्नी का जिक्र किया, जब वो पहली बार मुंबई आए थे.
राजपाल ने बताया कि 13 जुलाई 1997 में उन्हें पहली बार एक्टिंग करने का मौका मिला था. पुणे में 'स्वराज' नाम से एक सीरियल की शूटिंग होती थी, जिसमें पहली बार राजपाल ने काम किया. इस सीरियल में उनका एक छोटा रोल था, जो डीडी 1 पर आता था. अब अगले साल राजपाल को इंडस्ट्री में 30 साल हो जाएंगे.
लोगों के प्यार पर क्या बोले राजपाल?
एक्टर ने आगे कहा कि उनकी हर मुसीबत में मुंबई शहर ने उन्हें सहारा दिया. 30 सालों से अभी तक उनके चेहरे पर मेकअप लगता आया है, उन्हें वैनिटी मिलती रही है जो सिर्फ भारत की जनता और माता-पिता के आशीर्वाद की वजह से हुआ है. राजपाल ने कहा कि ये प्यार और विश्वास उन्हें काफी आत्मविश्वास और ताकत देता है. उनका कहना है कि वो आगे भी अपनी बातें ऐसे ही लोगों के सामने पेश करते रहेंगे. जाते-जाते उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें मनोरंजन बेहद पसंद है.
बात करें राजपाल यादव के चेक बाउंस केस की, तो ये केस 2012 में आई उनकी फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़ा है जिसके लिए एक्टर ने 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. इसे खुद राजपाल ने डायरेक्ट किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई. इसी के बाद से राजपाल को कई बार जेल भी जाना पड़ा. एक्टर का कर्ज बढ़ते-बढ़ते अब 9 करोड़ पहुंच चुका है. उनके केस की अगली सुनवाई 18 मार्च 2026 को होगी.
aajtak.in