राजपाल यादव चेक बाउंस केस में दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आ चुके हैं. 12 दिन सलाखों के पीछे रहने के बाद उन्हें भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मिली है. राजपाल ने रिहा होने के बाद जेल में रहने का एक्सपीरियंस भी साझा किया.
स्मोकिंग जोन की मांग पर क्या बोले राजपाल?
एक्टर ने बताया कि उन्होंने तिहाड़ में स्मोकिंग सेक्शन (धूम्रपान क्षेत्र) की मांग उठाई थी. अब उन्होंने इसकी वजह बताई है. उन्होंने उन लोगों के बारे में भी बात की, जो उनकी मदद के लिए आगे आए.
इंडियन एक्सप्रेस को दिए लेटेस्ट इंटरव्यू में राजपाल ने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. इस दौरान राजपाल यादव से पूछा गया कि आपने ये मुद्दा क्यों उठाया है कि जेल में धूम्रपान क्षेत्र होना चाहिए? इसपर राजपाल यादव ने कहा- ये उनकी मांग है (कैदियों की यही इच्छा है). मैं हाल फिलहाल में जेल से छूटा हूं और मुझसे ये सवाल पूछे जा रहे थे, इसलिए मैं थोड़ा हैरान था.
राजपाल ने आगे कहा- जो लोग जेल में हैं... कानून से ऊपर कोई नहीं है. कुछ लोग एक गलती की वजह से 10-15 साल जेल में बिता रहे हैं. 10-12 साल बीत चुके हैं... उन्हें एक नया जीवन शुरू करने का मौका मिलना चाहिए. गलती हुई लेकिन दूसरा मौका देना चाहिए. सरकार को उनके बिहेवियर पर गौर करना चाहिए. जेल में बंद हर कोई पेशेवर अपराधी नहीं है. मुझे लगा कि 10 प्रतिशत लोगों को दोबारा जीने का मौका मिलना चाहिए. मैंने लोगों की आंखों में उम्मीद देखी, इसलिए मैंने प्रार्थना की. मैं कोई अधिकारी नहीं हूं और यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, लेकिन मैं प्रार्थना कर सकता हूं.
राजपाल ने किया लोगों का शुक्रिया
राजपाल से ये भी पूछा गया कि जेल में उनका एक्सपीरियंस कैसा था, वो कैसा महसूस कर रहे थे? इस बारे में एक्टर बोले- मन्ना डे का एक गाना है- 'पूछो ना कैसे मैं रायन बीताई, एक पल जैसे एक युग बीता…'.
राजपाल जब जेल में थे, तब बॉलीवुड की कई हस्तियां उनकी मदद के लिए आगे आई थीं. इस बारे में एक्टर बोले- बहुत-बहुत धन्यवाद. मैं वो बीज हूं, जिसे इस देश में पिछले 30 सालों से सभी ने पोषित किया है. जो लोग सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े, उन्हें भी बहुत-बहुत धन्यवाद और जो लोग सोशल मीडिया पर नहीं आए... ऐसे लोगों की एक लंबी लिस्ट है, जो 25-30 सालों से हमारे साथ हैं, उन सभी का भी शुक्रिया. वो सोशल मीडिया के माध्यम से नहीं जुड़ेंगे, लेकिन मुझे पता है कि वो मेरे साथ हैं. मैं आप सभी को दिल से धन्यवाद देता हूं.
aajtak.in