शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन्स वीक रिलीज बनकर शुक्रवार को थिएटर्स में पहुंच चुकी है. ट्रेलर और गानों से तो फिल्म का माहौल सॉलिड बना था. मगर एडवांस बुकिंग में फिल्म का बज थोड़ा फीका पड़ता नजर आया था. लॉकडाउन के बाद से शाहिद कपूर का बॉक्स ऑफिस इम्पैक्ट थोड़ा कमजोर पड़ा है.
‘ओ रोमियो’ के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज को सिनेमाई हुनर के लिए तो खूब सराहा जा सकता है, मगर वो कभी बॉक्स ऑफिस विनर के तौर पर पॉपुलर नहीं रहे. इसलिए सवाल उठा कि क्या ‘ओ रोमियो’ पहले दिन एक दमदार शुरुआत कर पाएगी? और फिल्म ने एक सॉलिड ओपनिंग कलेक्शन के साथ जवाब दे दिया है.
‘ओ रोमियो’ का ओपनिंग कलेक्शन
बहुत औसत एडवांस बुकिंग के साथ बॉक्स ऑफिस के मैदान में उतरी ‘ओ रोमियो’ के रिव्यू थोड़े मिक्स रहे. लेकिन कास्ट की परफॉर्मेंस, म्यूजिक और एक्शन की सभी ने तारीफ की. इन तारीफों का असर दोपहर बाद के शोज में नजर आना शुरू हुआ. सोशल मीडिया पर फिल्म का वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव बनने लगा और ‘ओ रोमियो’ ने रफ्तार पकड़ी.
एक समय इस फिल्म का ओपनिंग कलेक्शन 5-6 करोड़ की रेंज में रहने का अनुमान लगाया जा रहा था. मगर ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि शुक्रवार को ‘ओ रोमियो’ का ओपनिंग कलेक्शन 8-9 करोड़ की रेंज में रहा है.
पिछले 6 सालों में शाहिद की बेस्ट ओपनिंग
शाहिद के करियर की सबसे बड़ी हिट ‘कबीर सिंह’ 2019 में आई थी. शाहिद के सभी बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स इसी के नाम हैं. मगर लॉकडाउन के बाद से शाहिद बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा कमाल नहीं कर पा रहे थे.
बीते 6 सालों में उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग 7 करोड़ ही रही है, जो ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ से आई है. मगर अब ‘ओ रोमियो’ शाहिद की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है. ये डायरेक्टर विशाल भारद्वाज के करियर की भी टॉप ओपनिंग है.
‘ओ रोमियो’ एक लव स्टोरी है ये फैक्टर वैलेंटाइन्स डे पर इसे जनता की फर्स्ट चॉइस बनाए रखेगा. शुक्रवार को दोपहर बाद फिल्म ने जैसी रफ्तार पकड़ी, अगर वो शनिवार-रविवार को बरकरार रही तो ‘ओ रोमियो’ एक सॉलिड वीकेंड कलेक्शन लेकर आएगी. इसके साथ रिलीज हुई 'तू या मैं' को जनता से बहुत पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं मिला है और आगे आने वाली फिल्में भी बहुत धमाकेदार नहीं लग रहीं. इसलिए अगर 'ओ रोमियो' ने पहला वीकेंड साध लिया और जनता का दिल जीतटने में कामयाब रही, तो शाहिद के खाते में एक बड़ी हिट आ सकती है.
सुबोध मिश्रा