फिल्म इंडस्ट्री हो या फैशन इंडस्ट्री- अक्सर यहां सेलेब्स पर कास्टिंग काउच जैसे आरोप लगते रहे हैं. कई मॉडल्स और एक्ट्रेसेज ने फायदा उठाए जाने पर खुलकर बात की है. लेकिन फेमस डिजाइनर रोहित वर्मा की सोच इससे अलग है. उनका कहना है कि फैशन इंडस्ट्री पर उंगली उठाना आसान है, क्योंकि यहां कैमरे हैं. एक शॉकिंग बयान देते हुए उन्होंने ये तक कह दिया कि- यहां कोई किसी से जबरदस्ती नहीं करता. सब अपनी मर्जी से जाते हैं.
'फैशन इंडस्ट्री में नो ड्रग्स-नो कास्टिंग काउच'
इंडस्ट्री में कास्टिंग डायरेक्टर्स या प्रोड्यूसर्स पर अक्सर हीरोइनों का फायदा उठाने के आरोप लगे हैं. वहीं पार्टीज में ड्रग्स के इस्तेमाल पर भी कई सवाल उठाए गए हैं. इन सब पर रिएक्ट करते रोहित ने कहा कि- सब बातें बनाई जाती हैं. फैशन इंडस्ट्री भी वैसे ही काम करती है जैसे कॉर्पोरेट, बस यहां ग्लैम ज्यादा है तो उंगली उठाना आसान हो जाता है.
फिल्मीज्ञान से रोहित ने कहा- मैं बहुत प्राउडली कहता हूं कि मैं फैशन इंडस्ट्री का क्वीन हूं और ये जितने भी आरोप लगते हैं- सब बहुत बुलशिट बातें हैं. कोई किसी का यहां पर रेप नहीं करता. सब कुछ यहां रजामंदी से होता है. फैशन इंडस्ट्री पर सबसे ज्यादा उंगली इसलिए उठती हैं, क्योंकि हम लोग ज्यादा ग्लैमरस होते हैं. कैमरा यहां ज्यादा होते हैं. वरना कास्टिंग काउच तो कोर्पोरेट इंडस्ट्री में भी होता है. बाकी इंडस्ट्रीज में भी होता है. आप कहते हैं सिर्फ फैशन ही ड्रग्स वगैरह को इतना बढ़ावा देता है- ये सब बकवास है.
'मुझे लगता है अगर आपके अंदर टैलेंट है तो कोई आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता. आपमें हुनर है, आपके ऊपर आपकी मां का आशीर्वाद है, आपकी नीयत साफ है तो आपको कोई स्टार बनने से नहीं रोक सकता. तो ये गलत बात है कि कोई किसी को यहां पर किसी चीज के लिए फोर्स करता है. जैसे मेरे एक दोस्त ने मुझपर मीटू का आरोप लगा दिया था क्योंकि उन्हें बिग बॉस में जाना था. तो मैंने उनके साथ की सारी चैट सोशल मीडिया पर डाल दी थी. आपके पास भी ऑप्शन हैं.'
सहमति देकर आरोप लगाते हैं सेलेब्स
रोहित ने आगे समझाया कि सब इस फील्ड में अपनी मर्जी से आते हैं, अपनी समझदारी से फैसले लेते हैं. फिर शिकायत करते हैं. वो बोले- देखो यहां कोई दूध का धुला नहीं है, यहां पर सबकी अपनी-अपनी सोच होती है. पर ये जो लोग कहते हैं हमारे साथ जबरदस्ती की- तो ये गलत है. हम सब अपनी मर्जी से कहीं भी जाते हैं. अब अगर आप रात 12 बजे मेरे घर की घंटी बजा रहे हैं, तो आप अपनी मर्जी से आए हैं. किसी के ड्रॉइंग रूम में बैठकर अगर आप कॉफी पी रहे हैं, और वो आपको बेडरूम में बुला रहा है तो वो 10 कदम आप खुद चलकर जा रहे हैं. तो परमिशन आप दे रहे हैं. आप मना कर सकते हैं, वहां से जा सकते हैं. आपको अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी.
रोहित बिग बॉस का भी हिस्सा रह चुके हैं, उन्होंने हाल ही में अपने नए कलेक्शन को लॉन्च किया था. इसमें बिपाशा बसु ने लंबे समय बाद रैम्प पर जलवा बिखेरा था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क