महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचने वाली वायरल गर्ल मोनालिसा भोंसले इन दिनों अपनी शादी को लेकर लगातार चर्चा में हैं. उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल में परिवार के खिलाफ जाकर शादी कर ली. अब शादी के बाद उन्होंने ये भी साफ कर दिया है कि वो केरल में ही अपना नया आशियाना बसाने की योजना बना रही हैं. वो शहर उन्हें काफी भा गया है.
हाल ही में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने बताया कि उन्होंने शादी के लिए केरल को क्यों चुना और आगे भी वहीं रहने की सोच क्यों रही है. उनके इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जिनमें राजनीतिक एंगल भी जोड़ा जा रहा है.
क्यों चुना केरल?
फरमान खान और मोनालिसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि- हम लोग केरल में शूटिंग के लिए आए थे. शूटिंग चालू है. अभी 20 दिन शूटिंग और चलेगी. ये चीजें पहले से प्लान थीं.
वहीं फरमान ने कहा कि- मोनालिसा ने मुझे प्रपोज किया था, लेकिन मैंने मना कर दिया था. पर फिर इन्होंने कहा कि 2-3 दिन में मेरी शादी होने वाली है. घर पर मेहमान आ चुके हैं. घरवाले जबरदस्ती शादी करा रहे हैं. कुछ गलत हो जाएगा. इन्होंने मुझे सुसाइड की धमकी दी थी. फिर मैंने सोचा किसी की जिंदगी बर्बाद हो. इससे अच्छा है कि शादी कर ली जाए.
केरल में रहने की बात को लेकर कपल ने कहा कि- हम लोग अभी इधर ही हैं. हम लोग यहीं रहेंगे. केरल अच्छा लग रहा है. फिर मोनालिसा जैसे बोलेगी वैसा करेंगे. मोनालिसा कह रही है कि केरल अच्छा है. हम लोग यहीं रहने की प्लानिंग करेंगे. यहां के लोग इंसान को इंसान की नजर से देखते हैं.
हालांकि मोनालिसा और फरमान के इन बयान पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं. केरल में उन्हें स्थानीय स्तर पर कुछ प्रभावशाली लोगों का समर्थन मिला है. इस शादी में केरल के प्रमुख नेता शामिल हुए, जिनमें सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन, केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सांसद ए.ए. रहीम शामिल थे. मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने तो इस शादी को 'द रियल केरल स्टोरी' तक बता दिया.
राजनीतिक एंगल क्यों जुड़ रहा है?
राजनेताओं की मौजदूगी देखते हुए मोनालिसा की शादी और केरल में बसने की योजना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. कुछ लोग इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं. इसकी एक वजह ये भी बताई जा रही है कि हाल के वर्षों में केरल को लेकर नेशनल लेवल पर कई बहस हुई हैं.
खासतौर पर 'द केरल स्टोरी' फिल्म के बाद केरल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं काफी तेज हो गई थीं. ऐसे में मोनालिसा के फैसले को भी कुछ लोग उसी तरह से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, इस बारे में मोनालिसा ने सीधे तौर पर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी जब उनसे केरल को लेकर कई बार सवाल किए गए वो सिर्फ यही जवाब देती रहीं कि वहां के लोग अच्छे हैं, वो जगह अच्छी है.
लेकिन फरमान के मुताबिक उन्हें भी इतने बड़े गेस्ट के आने की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने बताया कि- हमारी शादी में जो चीफ गेस्ट आए थे उन सभी का धन्यवाद. हमारी छोटी शादी में आए और आशीर्वाद दिया. मैंने सोचा नहीं था कि इतनी बड़ी शादी हो जाएगी.
उनका ये कहना ही कई सवाल खड़े कर रहा है. आखिर मोनालिसा-फरमान की शादी में नेताओं को इतना इंटरेस्ट क्यों आया?
आरती गुप्ता