सिनेमा के गोल्डन एरा की वैसे तो सभी चीज बेहद खास है, लेकिन एक बात जो सबसे ज्यादा मशहूर है, वो ये कि तब जद्दोजहद बहुत थी. पर्दे पर चमक छोड़ने वाले स्टार्स पर्दे के पीछे कई तरह की कमियों से जूझते थे. लेकिन इसकी छाप उनके चेहरे पर बिल्कुल नहीं झलकती थी. ऐसे ही स्टार्स में से एक हैं धर्मेंद्र. जिनका 8 दिसंबर को 86वां जन्मदिन है.
धर्मेंद्र ने भी अपने दौर में अलग तरह की मुश्किलें झेली हैं. उस दौर में एक्टर्स के पास वैनिटी वैन नहीं हुआ करते थे, ना ही उनको स्टाइल करने वाला कोई होता था. एक्टर्स के पास जो कपड़े होते थे, कभी कभी उन्ही में शूटिंग कर ली जाती थी. ऐसा ही किस्सा सुपरस्टार धर्मेंद्र का भी है. जब उन्हें एक ही कपड़े में तीन फिल्मों के गाने शूट करने पड़े. लेकिन इसे शायद किस्मत का लिखा ही कहेंगे कि उनकी वो तीनों फिल्में हिट हुईं.
धर्मेंद्र ने रिपीट की शर्ट
धर्मेंद्र की तीन अलग अलग फिल्में रिलीज हुई. अलग अलग साल में....अलग एक्ट्रेसेज के साथ, बेहद अलग गाने, लेकिन धर्मेंद्र की शर्ट वही रही. जी हां, धर्मेंद्र ने तीन अलग फिल्मों के गानों के लिए एक ही शर्ट पहनी थी. साल 1968 में आई फिल्म मेरे हमदम मेरे दोस्त में शर्मिला टैगोर के साथ चलो सजना यहां तक, 1969 में रिलीज आया सावन झूम के साथिया नहीं जाना में आशा पारेख के साथ, 1970 में आई जीवन मृत्यु में राखी के साथ झिलमिल सितारों का आंगन में धर्मेंद्र ने एक ही पीले-भूरे रंग की स्ट्राइप वाली शर्ट पहनी है.
धर्मेंद्र एक्शन फिल्मों के साथ रोमांटिक फिल्मों के भी किंग रहे हैं. वहीं शर्ट रिपीट कर के भी एक्टर का चार्म साल दर साल बढ़ता ही गया. ना तो उनके स्टारडम पर इसका बुरा असर पड़ा, और ना ही उनकी इमेज पर कोई कमेंट आया, बल्कि उनकी चमक और तेज ही हुई. एक्ट्रेसेज के साथ इश्क फरमाते धर्मेंद्र एवरग्रीन हैंडसम ही लगे. धर्मेंद्र की एक्टिंग और उनकी पर्सनैलिटी है ही इतनी दमदार कि हर कोई बस उनके काम को ही सराहता रह गया. इसी का असर रहा होगा कि धर्मेंद्र की तीनों फिल्में सुपरहिट हुई थी.
धर्मेंद्र ने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1960 में दिल भी तेरा हम भी तेरे से की थी. जो खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन धर्मेंद की किस्मत का सिक्का चल पड़ा था. इसके बाद आई शोला और शबनम ने धर्मेंद्र को रातों रात सुपरस्टार बना दिया था. वो लोगों के दिलों पर राज करने लगे थे. धर्मेंद्र ने अपने पूरे करियर में बहुत कम फ्लॉप फिल्में दी हैं.
aajtak.in