धुरंधर में जमील जमाली के किरदार में एक्टर राकेश बेदी ने कमाल कर दिखाया है. राकेश बेदी की दमदार एक्टिंग के फैंस मुरीद हो गए हैं. सोशल मीडिया पर एक्टर ट्रेंड कर रहे हैं. पाकिस्तान में भी उनके खूब चर्चे हो रहे हैं. फिल्म से राकेश बेदी के कई डायलॉग्स वायरल हैं. अब एक्टर ने बताया है कि जमील जमाली के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने किस तरह तैयारी की.
राकेश बेदी कैसे बने जमील जमाली?
फ्री प्रेस जर्नल संग बातचीत में राकेश बेदी ने धुरंधर में अपने किरदार जमील जमाली को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि जमील जमाली का किरदार निभाने के लिए उन्होंने पाकिस्तानी नेताओं के स्पीच पैटर्न, बॉडी लैंग्वेज और उनके स्टाइल पर बारीकी से ध्यान दिया. उनके बारे में पढ़ा.
खास बात यह है कि धुरंधर में राकेश बेदी का जमील जमाली का किरदार पाकिस्तान के राजनेता नबील गबोल से प्रेरित बताया जा रहा है. नबील गबोल ने हाल ही में इस बारे में बात भी की. उन्होंने बताया कि धुरंधर 2 की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है, जिसके खिलाफ उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की.
45 साल पहले भी एक किरदार ने दिलाई शोहरत
राकेश बेदी ने ये भी कहा कि जमील जमाली से पहले साल 1981 में आई फिल्म 'एक दूजे के लिए' में उनका चक्रवर्ती का किरदार भी उस समय काफी फेमस हुआ था. उनके किरदार के खूब चर्चे हुए थे. हालांकि आज की तुलना में उस वक्त सोशल मीडिया का दौर नहीं था, जिसकी वजह से उनकी पहुंच सीमित रही. एक्टर ने कहा कि जमील जमाली के किरदार को मिली सफतलता से वो काफी खुश हैं. लेकिन फिर भी वो जमीन से जुड़े रहना चाहते हैं.
धुरंधर की बात करें तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है. फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई जारी है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है. आदित्य धर के विजन और सभी स्टारकास्ट की इस समय हर जगह वाहवाही हो रही है.
aajtak.in