'धुरंधर' फ़्रैंचाइजी की ऐतिहासिक बॉक्स-ऑफिस सफलता के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि डायरेक्टर आदित्य धर आगे क्या बनाएंगे? हालांकि फिल्ममेकर ने अभी तक किसी नई फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. लेकिन अब ये पता चल रहा है कि उनका अगला प्रोजेक्ट भी रणवीर सिंह के साथ हो सकता है.
दरअसल आदित्य धर के पास कई ऐसे आइडिया हैं, जिन पर वह विचार कर रहे हैं. ये आइडिया उनकी चौथी फिल्म के लिए हो सकते हैं, जो 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' के बाद आएगी.
वैराएटी इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इंडस्ट्री के सूत्रों के अनुसार, धर इस समय तीन स्क्रिप्ट पर विचार कर रहे हैं. 'द इमॉर्टल अश्वत्थामा' (The Immortal Ashwatthama), एक ऐतिहासिक महाकाव्य और एक बड़े पैमाने का स्पोर्ट्स ड्रामा. उनकी अगली फिल्म इनमें से ही कोई एक होने की पूरी संभावना है, जब तक कि कोई बिल्कुल नया प्रोजेक्ट सामने न आ जाए जिसे इन सबसे ज्यादा प्राथमिकता मिले.'
सूत्र ने आगे कहा, 'द इमॉर्टल अश्वत्थामा' आदित्य के लिए एक ड्रीम प्रोजेक्ट बना हुआ है, और उन्होंने हमेशा किसी न किसी मोड़ पर इसे फिर से शुरू करने की इच्छा जाहिर की है. उन्होंने इस हाई-टेक पौराणिक महाकाव्य को डेवलप करने में बहुत समय और मेहनत लगाई थी, लेकिन बाद में इसे बहुत ज्यादा महंगा होने की वजह से रोक दिया गया था.'
अब जब आदित्य ने खुद को एक भरोसेमंद डायरेक्टर के तौर पर साबित कर दिया है और स्टूडियो भी उनके बड़े विजन को सपोर्ट करने के लिए तैयार हैं, तो हो सकता है कि वह इसे फिर से शुरू करने के बारे में सोचें. वह इसे चुनते हैं या नहीं, यह पूरी तरह से उनका फैसला है, लेकिन यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है जो अभी भी उनकी लिस्ट में शामिल है.'
रणवीर के साथ फिर करेंगे काम?
डायरेक्टर के करीबी एक और सूत्र ने बताया कि धर का झुकाव एक ऐतिहासिक महाकाव्य की ओर ज़्यादा है, जिसकी कहानी मौर्य साम्राज्य के संस्थापक और पहले सम्राट, चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल पर आधारित होगी.
धर और रणवीर सिंह पिछले साल से ही इस प्रोजेक्ट पर चर्चा कर रहे हैं और उम्मीद है कि 'धुरंधर' की लहर शांत होने के बाद वे फिर से बैठकर इस पर चर्चा करेंगे. यह एक ऐसा विषय है जिसे अभी तक कुछ एक्सप्लोर नहीं किया गया है. इसमें हाई ड्रामा, एक्शन, धोखेबाजी वगैरह जैसी सभी भावनाएं मौजूद हैं और यह एक दिलचस्प विषय हो सकता है. इसका कैनवस बहुत बड़ा है, और अगर अश्वत्थामा प्रोजेक्ट नहीं बनता है, तो इस पर काम किया जाएगा.
हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह आखिर कौन सा प्रोजेक्ट चुनेंगे, लेकिन एक बात पक्की है कि उसकी अगली फिल्म पहले की बाकी फिल्मों से बड़ी ही होगी.
धुरंधर ने तोड़े कई रिकॉर्ड
इस बीच, 'धुरंधर 2' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और अब वह ऐतिहासिक 1000 करोड़ के मील के पत्थर की ओर बढ़ रही है. जो अब तक किसी भी हिंदी फिल्म के लिए सबसे बड़ी बात है. यह फिल्म पहले ही अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है.
aajtak.in