भारतीय सिनेमा में अक्सर फिल्मों के सीक्वल या रीमेक की चर्चा होती है, लेकिन डायरेक्टर आदित्य धर कुछ ऐसा करने जा रहे हैं जो बॉलीवुड के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ. अपनी फिल्म 'धुरंधर' की जबरदस्त कामयाबी के बाद, आदित्य अब दर्शकों के लिए एक अनोखा सरप्राइज लेकर आ रहे हैं. खबर है कि वह इस फिल्म के 'बिहाइंड-द-सीन्स' (BTS) यानी पर्दे के पीछे की कहानी को एक पूरी फीचर फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं.
जिस तरह एस.एस. राजामौली ने 'बाहुबली' की 10वीं सालगिरह पर दोनों भागों को मिलाकर एक नया एक्सपीरियंस पेश किया था, अब आदित्य धर उसी राह पर चलते हुए फिल्म मेकिंग की बारीकियों और कलाकारों के अनसुने इंटरव्यूज को बड़े पर्दे पर लाने वाले हैं. यह कदम न केवल 'धुरंधर' के फैंस के लिए एक गिफ्ट होगा, बल्कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक नए ट्रेंड की शुरुआत भी कर सकता है.
थिएटर में दिखेगी 'मेकिंग' की फिल्म
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक,आमतौर पर फिल्मों के मेकिंग वीडियो या बीटीएस फुटेज यूट्यूब या सोशल मीडिया पर छोटे क्लिप्स के रूप में देखने को मिलते हैं, लेकिन 'धुरंधर' के साथ ऐसा नहीं होगा. फिल्ममेकर्स ने शूटिंग के दौरान के ढेर सारे फुटेज और कलाकारों के खास इंटरव्यू को जोड़कर एक पूरी फिल्म तैयार की है. इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि 'धुरंधर' कैसे बनी. इस फिल्म को साल 2026 की आखिरी में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है, जिसके बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी लाया जाएगा.
फिल्म की सफलता के बावजूद रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकार मीडिया के सामने आने से बच रहे हैं. इसके पीछे एक बहुत बड़ी रणनीतिक वजह है. दरअसल, इन कलाकारों और खुद डायरेक्टर आदित्य धर ने अभी तक फिल्म को लेकर कोई बड़ा इंटरव्यू नहीं दिया है क्योंकि वे चाहते हैं कि उनकी पहला रिएक्शन और शूटिंग के एक्सपीरियंस सीधे थिएटर वाली इस बीटीएस फिल्म का हिस्सा बनें. फिल्म की टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी वीडियो फुटेज पहले सोशल मीडिया पर लीक न हो.
पर्दे के पीछे के असली हीरो को सम्मान
डायरेक्टर आदित्य धर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार उन लोगों का शुक्रिया अदा कर रहे हैं जो कैमरे के पीछे रहते हैं. उन्होंने सिनेमैटोग्राफर, एक्शन टीम, कोरियोग्राफर, म्यूजिक कंपोजर और सेट डिजाइनरों के योगदान की जमकर तारीफ की है. आदित्य ने कुछ तस्वीरें तो शेयर की हैं, लेकिन वीडियो को जानबूझकर रोक कर रखा गया है. उनका मानना है कि फिल्म की सफलता में इन तकनीशियनों का जितना बड़ा हाथ है, उनकी मेहनत को बड़े पर्दे पर दिखाना उतना ही जरूरी है.
भारतीय सिनेमा में नया प्रयोग
अगर यह बीटीएस फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रहती है, तो यह भारतीय सिनेमा के लिए एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है. अब तक फिल्म मेकिंग को सिर्फ एक एक्सट्र्रा जानकारी माना जाता था, लेकिन आदित्य धर इसे कमर्शियल एक्सटेंशन के रूप में देख रहे हैं. इससे न केवल दर्शकों को फिल्म की बारीकियां समझने का मौका मिलेगा, बल्कि यह मेकर्स के लिए कमाई का एक नया जरिया भी बन सकता है. फिलहाल, फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क