90 और 2000 के दशक में बॉलीवुड की लगभग हर बड़ी फिल्म में बाबूजी या पिता का किरदार निभाने वाले सीनियर एक्टर राजीव वर्मा आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है. उस दौर में उन्होंने इंडस्ट्री के कई बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम किया, लेकिन सुपरस्टार सलमान खान के साथ उनका रिश्ता पर्दे पर कुछ ऐसा जमा कि लोग असल जिंदगी में भी उन्हें सलमान का पिता समझने लगे थे. अब इस पर उन्होंने रिएक्शन दिया है.
दरअसल राजीव वर्मा का सलमान खान को लेकर दिया गया एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. एक हालिया पॉडकास्ट में एक्टर ने अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म 'मैंने प्यार किया' से जुड़ा एक बेहद मजेदार और दिलचस्प किस्सा शेयर किया.
राजीव वर्मा ने बताया कि इस फिल्म की ब्लॉकबस्टर सफलता का उनके जीवन पर ऐसा असर पड़ा कि आज भी लोग उन्हें सिर्फ और सिर्फ सलमान खान के पिता के रूप में ही याद करते हैं, जबकि उस दौर में सलमान को कोई जानता तक नहीं था.
इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों में किया काम
राजीव वर्मा ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई ऐसी फिल्मों में काम किया है जो आज इंडियन सिनेमा का इतिहास मानी जाती हैं. उन्होंने 'मैंने प्यार किया' के अलावा 'हम साथ-साथ हैं', 'बीवी नंबर 1', 'हम दिल दे चुके सनम', 'चलते-चलते' और ऋतिक रोशन स्टारर 'कोई मिल गया' जैसी कई सुपरहिट फिल्में की. पर्दे पर उनके संस्कारी पिता वाले किरदारों को दर्शकों ने इतना प्यार दिया कि वह उस दौर में डायरेक्टर्स की पहली पसंद बन गए थे. खासकर सलमान खान के पिता के रूप में उनके रोल इतने स्वाभाविक होते थे कि दर्शक पर्दे की कहानी को ही सच मान बैठते थे.
हाल ही में 'डियर जनरेशन' (Dear Generation) को दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में राजीव वर्मा ने सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'मैंने प्यार किया' की सफलता पर खुलकर बात की. फिल्म की सफलता और सलमान का पिता कहलाने वाले टैग पर रिएक्शन देते हुए राजीव वर्मा ने हंसते हुए कहा, 'यह फिल्म आज भी दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है जितनी रिलीज के वक्त थी. इस फिल्म में सलमान खान लीड रोल में थे और इसके बाद से आज तक मुझे सिर्फ और सिर्फ सलमान खान का बाप कहा जाता है.'
सलमान को कोई नहीं जानता- राजीव
राजीव वर्मा ने इंडस्ट्री के उस दौर को याद करते हुए एक बड़ी बात कही, जब 'मैंने प्यार किया' की शूटिंग चल रही थी. उन्होंने बताया कि उस वक्त सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत ही की थी. एक्टर ने कहा, 'आज लोग मुझे देखकर कहते हैं कि आप सलमान वाली फिल्म में पिता बने थे ना? लोग ऐसा तब कहते हैं जब उस फिल्म की शुरुआत के समय सलमान खान को इंडस्ट्री में कोई जानता तक नहीं था.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क