नंदीग्राम में चुनावी संग्राम! व्हीलचेयर पर ममता का प्रचार तो शुभेंदु के लिए अमित शाह भरेंगे हुंकार

नंदीग्राम में मंगलवार को सीएम ममता बनर्जी, शुभेंदु अधिकारी, गृह मंत्री अमित शाह और मिथुन चक्रवर्ती समेत तमाम दिग्गज चुनाव प्रचार करेंगे.ऐसे में जमकर सियासी वार-पलटवार देखने को मिलेगा. इस सियासी तपिश में नंदीग्राम का सियासी पारा हाई होना लाजिमी है.

Advertisement
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी

aajtak.in

  • कोलकाता ,
  • 29 मार्च 2021,
  • अपडेटेड 7:42 AM IST
  • मतदान से पहले नंदीग्राम का सियासी पारा हाई
  • शुभेंदु के लिए मंगलवार को अमित शाह का रोड शो
  • व्हीलचेयर पर ममता बनर्जी का चुनाव प्रचार

पश्चिम बंगाल की सियासी लड़ाई का केंद्र नंदीग्राम बना हुआ है. जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने कभी उनके खास रहे शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं. 01 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग में नंदीग्राम के लिए भी मतदान होगा. ममता और शुभेन्दु दोनों ने ही नंदीग्राम में जीत के लिए अपनी ताकत झोंक दी है. टीएमसी और बीजेपी दोनों ही पार्टियां बड़ी जीत का दम भर रही हैं. राजनेता नंदीग्राम की जमीन से पूरे बंगाल में संदेश देने की कोशिश में जुटे हैं. नंदीग्राम की इस जंग में मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह भी हुंकार भरेंगे. फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती भी नंदीग्राम में रोड शो कर शुभेन्दु की जीत तय करने की कोशिश करेंगे. 

Advertisement

नंदीग्राम की गलियों में नारों का शोर, नेताओं के जयकारों का जोर है. समर्थकों के इसी जोश के दम पर दीदी और शुभेंदु दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दम भर रहे हैं. नंदीग्राम की लड़ाई दोनों पार्टियों के लिए नाक का सवाल है. सियासी साख का भी सवाल है. इसी साख को बरकरार रखते हुए बीजेपी और टीएमसी दोनों बंगाल विजय का रास्ता तय करने की कोशिश में हैं. नंदीग्राम में ममता और शुभेंदु दोनों ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार में जुटे हैं. 

सोमवार को ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर बैठकर नंदीग्राम की गलियों में चुनाव प्रचार करतीं दिखाईं दीं, तो शुभेंदु अधिकारी घर-घर पहुंचकर जीत के लिए आशीर्वाद लेते नजर आए. 01 अप्रैल तक नंदीग्राम में ही डेरा डाल चुकीं दीदी ने व्हीलचेयर पर बैठकर नंदीग्राम की गलियों में करीब आठ किलोमीटर की यात्रा की. रास्ते में लोग मिलते तो बातचीत कर ममता ये समझने की कोशिश करतीं कि आखिर नंदीग्राम में चुनावी बयार किस ओर बह रही है.

Advertisement
अमित शाह और ममता बनर्जी

वहीं, बीजेपी से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम में ही जमे हुए हैं. जिससे 50 हजार से ज्यादा वोटों से दीदी को हराने के दावे को सच साबित कर सकें. ऐसे में ममता बनर्जी की कोशिश है कि जिस नंदीग्राम की जमीन से उठाकर उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को इतना बड़ा नेता बनाया, उसी जमीन पर शुभेंदु को सियासत की सबसे बड़ी हार दी जा सके.

नंदीग्राम में सीएम ममता बनर्जी की जमीनी ताकत से शुभेंदु अधिकारी अच्छी तरह वाकिफ हैं. यही वजह है कि वो लोगों के बीच पहुंचकर प्रचार कर रहे हैं. अब इस प्रचार में शुभेंदु का साथ देने खुद अमित शाह आ रहे हैं. मंगलवार को वह नंदीग्राम में रोड शो करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे. इसके अलावा फिल्म स्टार और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती भी नंदीग्राम में शुभेंदु के लिए प्रचार करेंगे. 

गौरतलब है कि मंगलवार को नंदीग्राम का सियासी पारा चरम पर होगा. सीएम ममता, शुभेंदु अधिकारी, गृह मंत्री अमित शाह और मिथुन चक्रवर्ती सरीखे दिग्गज यहां चुनाव प्रचार करने वाले हैं. ऐसे में जमकर सियासी वार पलटवार देखने को मिलेगा. इस सियासी तपिश में नंदीग्राम का सियासी पारा हाई होना लाजिमी है. बता दें कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी नंदीग्राम में सभा कर चुके हैं. 

Advertisement

आपको बता दें कि ममता बनर्जी हाल में नंदीग्राम में ही चोटिल हो गईं थीं. चोटिल होने के बाद सोमवार को उन्होंने उसी नंदीग्राम में व्हीलचेयर पर रोड शो किया. जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा. ममता के बयान पर पलटवार करते हुए शुभेंदु ने कहा कि वो इतिहास रचेंगी, नंदीग्राम में हार कर भागेंगी. मेरा उन्हें सुझाव है कि उन्हें पूर्व विधायक वाली नेल प्लेट लिखवाना चाहिए. 

(आज तक ब्यूरो) 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement