चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल,असम और पुडुचेरी राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान करेगा. पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल मई में खत्म हो रहा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी और अप्रैल-मई में चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
2021 में इन सभी पांच राज्यों के चुनाव का ऐलान 26 फरवरी को किया गया था. पिछली बार बंगाल विधानसभा का चुनाव आठ चरणों में कराया गया था. 2021 में सबसे पहले पश्चिम बंगाल का 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई और केरल विधान सभा का कार्यकाल 23 मई को पूरा हो रहा है. पुडुचेरी विधान सभा का कार्यकाल सबसे बाद यानी 15 जून को समाप्त हो रहा है.
यह भी पढ़ें: बंगाल से तमिलनाडु और असम से केरल तक... किस दल की क्या चुनावी चुनौती? 5 राज्यों का समझें गणित
चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हमारे पुरोहितों और मुअज़्ज़िनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में ₹500 की वृद्धि की गई है. इनकी सेवा ही हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखती है. इस संशोधन के साथ, अब उन्हें प्रति माह ₹2,000 प्राप्त होंगे.'
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर Central Armed Police Forces के कथित दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई है. भाजपा ने कोलकाता में सीएपीएफ की तैनाती को लेकर विशेष सवाल उठाए हैं. पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिगेड रैली के दौरान गिरीश पार्क इलाके में हिंसा की आशंका संबंधी इनपुट होने के बावजूद कोलकाता पुलिस ने वहां सीएपीएफ को तैनात नहीं किया. भाजपा ने कोलकाता में सीएपीएफ तैनात न करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले 15 सालों से बंगाल की सत्ता पर काबिज हैं. अगर इस बार टीएमसी जीतती है, तो ममता बनर्जी देश की पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी जो लगातार चौथी बार शपथ लेंगी. उनकी चुनौती के रूप बीजेपी मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में खड़ी है.
पढ़ें विस्तार से- बंगाल से तमिलनाडु और असम से केरल तक... किस दल की क्या चुनावी चुनौती? 5 राज्यों का समझें गणित
आयोग में उच्च पदस्थ सूत्रों, के मुताबिक अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर मतदान हो सकते हैं. मतगणना संभव है कि अप्रैल के अंत तक या मई के शुरुआती दिनों में हो जाए. पांच विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है. (इनपुट- संजय शर्मा)
सूत्रों के मुताबिक, इस बार आयोग चरणों की संख्या कम रख सकता है. पश्चिम बंगाल में इस बार 3 से 4 चरणों में चुनाव संपन्न कराए जा सकते हैं. 2021 में यहां 8 चरणों में वोटिंग हुई थी. असम में संभवत: दो चरण और केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में पहले की तरह एक ही चरण में मतदान संपन्न होगा. (इनपुट- संजय शर्मा)