दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों में एक नया पाठ्यक्रम शुरू करने पर चर्चा की. केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने छात्रों को 'कट्टर देशभक्त' बनाने के लिए प्रतिदिन एक घंटे के लिए स्कूलों में देशभक्ति पर चर्चा करने का फैसला किया है.
दिल्ली के स्कूलों में देशभक्ति पाठ्यक्रम की शुरुआत उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने की है, जो दिल्ली के शिक्षा मंत्री भी हैं. पाठ्यक्रम आगामी शैक्षणिक सत्र में लागू होने की संभावना है. एक कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे स्कूलों में देशभक्ति नहीं सिखाई जाती है. हमने छात्रों को 'कट्टर देशभक्त' बनाने के लिए स्कूलों में हर दिन एक घंटे तक देशभक्ति पर चर्चा करने का फैसला किया है. हम बीआर अंबेडकर और भगत सिंह के जीवन को बच्चों की शिक्षा में शामिल करेंगे.
केजरीवाल ने किरारी में सीवेज परियोजना की आधारशिला रखने के आयोजन के दौरान कहा कि हमने किरारी में सीवेज परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है. हम चाहते हैं कि आपकी (जनता) परियोजना को चार साल से पहले पूरा करने का समर्थन करें.
दिल्ली सरकार के सूत्र का कहना है कि 15 अगस्त 2022 को आज़ादी के 75 साल पूरे होने तक पूरी दिल्ली में उत्सव का माहौल रहेगा. केजरीवाल सरकार देशभक्ति बजट में इंडिया@75 के सेलिब्रेशन के साथ-साथ इंडिया एट हंड्रेड की कल्पना भी प्रस्तुत करेगी.
इसमें बताया जाएगा कि कैसे दिल्ली सरकार 75 वर्ष पूरे होने से ठीक 75 सप्ताह पहले से ही, पूरी दिल्ली अभूतपूर्व तरीके से इस वर्ष को आन बान शान के साथ मनाएगी. ये कार्यक्रम अगले 75 सप्ताह तक पूरी दिल्ली में अलग अलग जगह आयोजित किए जाएंगे.
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, आज़ादी के आंदोलन में दिल्ली की भूमिका और पिछले 75 साल में दिल्ली की यात्रा से लेकर 2047 की दिल्ली के विज़न को आम आदमी पार्टी सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके बताएगी.
aajtak.in