शॉपिंग करना लगभग हर किसी को पसंद होता है. खासकर जब आप नए कपड़ों की शॉपिंग करते हैं तो काफी उत्साहित रहते हैं. मॉल से कपड़े खरीदें या किसी शॉप से, इन नए कपड़ों में एक चीज आपको अक्सर देखने को मिलेगी, वो है, उसी कपड़े का एक छोटा सैंपल. क्या आपने सोचा है नए कपड़ों के साथ सैंपल कपड़ा क्यों दिया जाता है?
अगर आपको लग रहा है कि सैंपल कपड़ा इसलिए दिया जाता है ताकि नया कपड़ा कहीं से फट या खराब हो जाए तो आप सैंपल कपड़े को उस जगह सिल दें, तो आप गलत हैं. दरअसल, वो छोटा कपड़ा आपके नए कपड़ों की सुरक्षा के लिए ही होता है, लेकिन कैसे? आइए जानते हैं.
आपको बता दें, अलग-अलग कपड़ों के लिए अलग-अलग क्लीनिंग प्रोडक्ट बनाए गए हैं. अगर आप किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल अपने सभी कपड़े धुलने के लिए इस्तेमाल करते हैं तो इससे आपका कपड़ा जल्दी ही खराब हो सकता है. मान लें, आप अपने नए कपड़े को घर लाकर एक या दो बार पहन कर धुलने के लिए डालते हैं, लेकिन क्लीनिंग प्रोडक्ट की सही समझ न होने के कारण, आप उसमें कोई भी क्लीनिंग प्रोडक्ट डाल देते हैं. तो इसका नतीजा ये भी हो सकता है कि आपके कपड़े का रंग फीका पड़ने लगे. अगर आप अपने नए कपड़े को बचाना चाहते हैं तो इसके साथ मिला सैंपल कपड़ा बहुत अहम भूमिका निभाता है.
...तो इसलिए होता है सैंपल कपड़ा
दरअसल, सैंपल कपड़ा देने के पीछे यही कारण है कि अपने नए कपड़े को धुलने से पहले उस सैंपल कपड़े पर क्लीनिंग प्रोडक्ट इस्तेमाल करके देखें. अगर सैंपल कपड़े पर क्लीनिंग प्रोडक्ट का कोई असर नहीं पड़ रहा है तो समझ जाएं कि आप अपना नया कपड़ा उस क्लीनिंग प्रोडक्ट में धो सकते हैं. वहीं, अगर आपके क्लीनिंग प्रोडक्ट के कारण सैंपल कपड़ा खराब हो रहा है तो समझ जाइए कि इस फैब्रिक के लिए आपका क्लीनिंग प्रोडक्ट ठीक नहीं है.
aajtak.in