12वीं की पढ़ाई पूरी करना किसी छात्र के जीवन का एक बड़ा मोड़ होता है. इस सफलता के साथ ही अगला बड़ा सवाल यह होता है कि किस तरह आगे की पढ़ाई जारी रखी जाए. खासकर जब उच्च शिक्षा के लिए फीस, किताबों और हॉस्टल जैसी आर्थिक जरूरतें सामने हों. भारत में हर साल लाखों छात्रों को इस स्थिति से गुजरना पड़ता है. इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विभिन्न स्कॉलरशिप योजनाएं शुरू की हैं. ये योजनाएं छात्रों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ उनके करियर की राह आसान बनाने का काम करती है. इन स्कॉलरशिप की मदद से छात्र कॉलेज और विश्वविद्यालय की पढ़ाई जारी रख सकते हैं.
छात्रों के लिए यह मौका इसलिए भी खास है क्योंकि इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी उच्च शिक्षा तक पहुंच सकते हैं और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं. लेकिन क्या आपको मालूम है कि कौन-कौन से वह स्कॉलरशिप जो सरकार देती है? अगर नहीं तो चलिए जान लेते हैं.
प्राइम मिनिस्टर रिसर्च फैलोशिप
भारत सरकार ने प्रधानमंत्री रिसर्च फैलोशिप (PMRF) की योजना शुरू की है ताकि मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रों को पीएचडी रिसर्च करने में मदद कर सकें. यह स्कॉलरशिप छात्रों को न केवल आर्थिक सुरक्षा देती है बल्कि उन्हें टॉप रिसर्च इंस्टीट्यूट्स में बेहतर शिक्षा और रिसर्च करने का अवसर भी प्रदान करती है. यह स्कॉलरशिप इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस, IISER, IITs, NITs जैसे देश के टॉप इंजीनियरिंग संस्थानों और सेंट्रल यूनिवर्सिटीज प्रोग्राम में भी एडमिशन दिलाती है. इसपर बीटेक, एमटेक, Integrated M.Tech / MSc अंतिम साल के छात्र, 12वीं, UG और PG में अच्छे नंबर या CGPA (आमतौर पर ≥8.0/10 या 75% से अधिक) छात्र आवेदन कर सकते हैं. इसके तहत हर महीने छात्रों को करीब 70 से 75 हजार रुपये (पहले 2 साल) की फाइनेंशियल मदद दी जाती है और बाद के सालों में ये लगभग 75 से 80 हजार रुपये हो सकती है.
AICTE प्रगति स्कॉलरशिप
AICTE प्रगति स्कॉलरशिप भारत सरकार की ओर से चलाई गई एक योजना है, जिसे AICTE (All India Council for Technical Education) के माध्यम से लागू किया गया है. इसका उद्देश्य इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा में लड़कियों को प्रोत्साहित करना और आर्थिक मदद देना है. AICTE में कॉलेज/संस्थान में डिग्री या डिप्लोमा के आधारित तकनीकी कोर्स कर रही छात्राओं आवेदन कर सकती हैं. इसके तहत छात्राओं को हर साल 50 हजार रुपये मिलते हैं. यह करीब 4 साल के लिए मिलती है.
प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप स्कीम (PMMS)
प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप स्कीम (PMMS) उन उम्मीदवारों के लिए है जिनके माता-पिता ने आर्मी, नेवी या एयरफोर्स में सेवा दी है. इसके अलावा शहीद सैनिकों के बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आपको 12वीं में कम से कम 60 प्रतिशत मार्क्स लाना अनिवार्य है. छात्रों का एडमिशन किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में होना चाहिए. इसके तहत लड़कों को 2,500 रुपये प्रति माह और लड़कियों को 3,000 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं.
CSSS स्कॉलरशिप
CSSS (Central Sector Scheme of Scholarship for College and University Students) भारत सरकार की एक प्रमुख स्कॉलरशिप स्कीम है. इसका उद्देश्य 12वीं में अच्छे अंक पाने वाले मेधावी छात्रों को कॉलेज और यूनिवर्सिटी की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता देना है. यह योजना शिक्षा मंत्रालय द्वारा चलाई जाती है. इस दौरान ग्रेजुएशन के पहले 3 साल के लिए 12, 000 रुपये हर साल दिया जाता है. वहीं, पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए हर साल 20 हजार रुपये दिए जाते हैं.
aajtak.in