भारतीय रक्षा विनिर्माण फर्म एसएमपीपी लिमिटेड ने मंगलवार को अर्धसैनिक बलों से करीब 10 हजार अतिरिक्त बुलेटप्रूफ जैकेट्स का नया ऑर्डर हासिल किया है. यह कदम सीमा सुरक्षा बल (BSF), CISF और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. कंपनी मौजूदा वक्त में 40 हजार जैकेट्स के पुराने ऑर्डर को वक्त पर पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
अब तक कुल 28 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट्स सफलतापूर्वक डिलीवर की जा चुकी हैं.
बची यूनिट्स की डिलीवरी अगले फाइनेंशियल ईयर में कॉन्ट्रैक्ट की समय सीमा के मुताबिक पूरी की जाएगी.
जवानों को मिलेगा कवच
SMPP लिमिटेड द्वारा बनाई जा रही ये जैकेट्स आधुनिक बैलिस्टिक सुरक्षा प्रणालियों से लैस हैं. कंपनी पहले से ही सीआरपीएफ (CRPF) और भारतीय सेना को आर्मर पियर्सिंग गोलियों से सुरक्षा देने वाली उन्नत जैकेट्स की आपूर्ति कर रही है. इन जैकेट्स को भारत में ही कड़े बैलिस्टिक और परिचालन मानकों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव में अर्धसैनिक बलों की सबसे बड़ी तैनाती, 500 से ज्यादा कंपनियां, 480 पहुंचीं
स्वदेशी रक्षा निर्माण में बढ़ता कदम
कंपनी के सीईओ आशीष कंसल ने बताया कि यह बड़ा ऑर्डर मिलना उनकी विनिर्माण क्षमता और गुणवत्ता प्रणालियों को दर्शाता है. व्यक्तिगत सुरक्षा प्रणालियों के अलावा एसएमपीपी अब 155 मिमी आर्टिलरी गन के गोला-बारूद, ड्रोन और ड्रोन गोला-बारूद के निर्माण में भी अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रही है. यह पहल रक्षा क्षेत्र में 'आत्मनिर्भरता' के विजन को और मजबूत करती है.
aajtak.in