अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने अपनी वैन को सीधे व्हाइट हाउस के बाहर लगे सुरक्षा बैरियर में जाकर घुसा दिया. घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे के आसपास हुई. सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और मौके पर तैनात अधिकारियों ने आरोपी को वहीं दबोच लिया. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. शुरुआती जांच में मामले को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है.
बैरियर से टकराई वैन
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे से ठीक पहले लाफायेट स्क्वायर के पास हुई. आरोपी अपनी वैन लेकर व्हाइट हाउस के बाहर लगे अस्थायी सुरक्षा बैरियर तक पहुंचा और वाहन को उससे टकरा दिया. घटना होते ही वहां मौजूद सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉर्म डिविजन के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने बिना देर किए चालक को हिरासत में ले लिया. सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को कुछ समय के लिए घेर लिया गया और जांच शुरू कर दी गई.
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि वैन चला रहे व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे उसका मकसद क्या था. अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आपराधिक आरोप लगाए जाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बम स्क्वॉड ने की वाहन की जांच
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस के बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया. समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, बम स्क्वॉड ने वैन की पूरी तरह से जांच की. अधिकारियों ने वाहन के अंदर और आसपास की जगहों की बारीकी से तलाशी ली. जांच के बाद यह पुष्टि की गई कि वाहन में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री मौजूद नहीं है. इसके बाद इलाके में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई.
मामले की गहन जांच
फिलहाल अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही हैं. जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने जानबूझकर सुरक्षा बैरियर में वैन घुसाई या यह कोई हादसा था. साथ ही उसके बैकग्राउंड और संभावित मंशा की भी पड़ताल की जा रही है. व्हाइट हाउस जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.
aajtak.in