ड्रग्स, गोल्ड और विदेशी करेंसी... मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 21.8 करोड़ की तस्करी का खुलासा

मुंबई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने चार दिनों में 21.8 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की ड्रग्स, विदेशी मुद्रा और सोना जब्त कर तस्करों की कमर तोड़ दी है. बैंकॉक और कोलंबो से आए यात्रियों से हाइड्रोपोनिक वीड मिली, जबकि दुबई और जकार्ता जा रहे यात्री विदेशी करेंसी के साथ पकड़े गए.

Advertisement
बैंकॉक और कोलंबो से आए यात्रियों के बैग से निकली करोड़ों की हाइड्रोपोनिक वीड. (Photo: X/@mumbaicus3) बैंकॉक और कोलंबो से आए यात्रियों के बैग से निकली करोड़ों की हाइड्रोपोनिक वीड. (Photo: X/@mumbaicus3)

aajtak.in

  • मुंबई,
  • 27 सितंबर 2025,
  • अपडेटेड 7:28 PM IST

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चार दिनों के भीतर करोड़ों रुपए की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया. यहां 21 से 24 सितंबर के बीच कुल 21.8 करोड़ रुपए मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना), विदेशी मुद्रा और सोना की खेप बरामद की गई है. इसके साथ ही कई तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement

कस्टम के एक अधिकारी ने बताया कि ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी. सबसे बड़ा मामला बैंकॉक (थाईलैंड) से आए एक यात्री के पास मिला. उसके पास से 18.40 करोड़ रुपए मूल्य का 18.4 किग्रा प्रतिबंधित नशीला पदार्थ पकड़ा गया. वहीं कोलंबो (श्रीलंका) से यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री के पास ट्रॉली बैग में छुपाकर रखी गई 2.624 किग्रा हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई. 

जब्त की गई ड्रग्स की अनुमानित कीमत 2.62 करोड़ रुपए आंकी गई है. दोनों यात्रियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. तीन अलग-अलग यात्रियों को विदेशी मुद्रा छुपाकर ले जाते हुए भी पकड़ लिया गया. इनमें दुबई जा रहे एक यात्री के पास से 7.11 लाख रुपए की अघोषित विदेशी मुद्रा बरामद हुई. उसी उड़ान में सवार दूसरे यात्री के पास से 49.38 लाख रुपए मूल्य की विदेशी करेंसी मिली. 

Advertisement

इसके अलावा जकार्ता (इंडोनेशिया) जा रहे एक अन्य यात्री के पास से 19.17 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा जब्त की गई. इतना ही नहीं, एयरपोर्ट परिसर में छिपाकर रखे गए सोने का भी खुलासा हुआ. इमिग्रेशन काउंटर के पास बने एक शौचालय से एक लावारिस पैकेट बरामद किया गया. जांच में पैकेट से 365 ग्राम सोने की धूल मिली, जिसकी कीमत 38.10 लाख रुपये बताई गई. 

इसे सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया. कस्टम विभाग ने साफ किया है कि यात्रियों द्वारा की जा रही इस तरह की तस्करी पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है. हालिया बरामदगी यह बताती है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा और इंटेलिजेंस की मजबूत मौजूदगी तस्करों के हर नए तरीके पर भारी पड़ रही है. जुलाई में ही मुंबई एयरपोर्ट पर 62 करोड़ की कोकिन बरामद हुई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement