ICC Men's T20 World Cup के दौरान भारत और New Zealand के बीच खेले जा रहे मैच को देखने के दौरान हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. घटना महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव की है, जहां रविवार की शाम एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
दरअसल, जक्कोपुर गांव में कुछ युवक टीवी पर भारत-न्यूजीलैंड का टी-20 मैच देख रहे थे. इसी दौरान मैच में भारत का एक विकेट गिरने पर वहां मौजूद एक युवक ने जोर-जोर से हल्ला कर दिया. इसी बात को लेकर दूसरे युवक को गुस्सा आ गया और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने कुदन कुमार को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया.
हमले में 17 वर्षीय कुदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया.
हाजीपुर सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक रहने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) भेज दिया. लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही घायल किशोर ने दम तोड़ दिया.
मृतक की पहचान कुदन कुमार (17 वर्ष), पिता बृजकिशोर राय, निवासी जक्कोपुर, नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या 18 के रूप में हुई है.
घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है. परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. इधर घटना के बाद जक्कोपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
SDOP महनार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
aajtak.in