देश में 62 दिनों बाद घरेलू विमान सेवाएं 25 मई से शुरू हो गई हैं. इंडिगो की योजना 31 मई 2020 तक 200 से अधिक उड़ान भरने की है. इंडिगो का कहना है कि कोरोना वायरस की वजह से यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए विमान से उतारा और प्रवेश कराया जा रहा है.
सोमवार को विमानों का संचालन सुचारू ढंग से चला और दोपहर तक निर्धारित आगमन समय के 30 मिनट के अंदर हमारी 85% उड़ानें अपने अंतिम गंतव्य पर पहुंच गई हैं. इसमें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आई. यात्रा के लिए सभी राज्य की जरूरतों और एसओपी के साथ वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई है.
बता दें कि महाराष्ट्र, बंगाल, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु ने विमान सेवा शुरू करने को लेकर केंद्र के सामने कई सारी आपत्तियां सामने रखी थीं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नागरिक उड्डयन मंत्री से फोन पर बात करते हुए मुंबई और पुणे जैसे कोरोना प्रभावित शहरों का हवाला दिया था.
महाराष्ट्र ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेजे एक ई-मेल में कहा कि मुंबई और पुणे दोनों रेड जोन में हैं. इन शहरों में लोकल ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी है. ऐसे में रोजाना 27 हजार से ज्यादा लोगों के आने-जाने का इंतजाम कैसे होगा? हालांकि बाद में उन्होंने 25 फ्लाइट्स की आवाजाही की मंजूरी दे दी.
वहीं, अम्फान तूफान से प्रभावित बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कहा था कि हम आपदा झेल रहे हैं इसलिए बेहतर होगा कि उड़ान सेवा को कुछ दिन और रोका जाए. उन्होंने केंद्र से उड़ान 25 मई की बजाय 30 मई से शुरू करने को कहा था.
स्पाइसजेट की सेवा शुरू
स्पाइसजेट ने अपने बयान में कहा कि दो महीने बाद 25 मई से घरेलू उड़ान संचालन फिर से शुरू हुआ है. सोमवार को स्पाइसजेट की पहली फ्लाइट सुबह 6.05 बजे अहमदाबाद से दिल्ली के लिए उड़ान भरी और सुबह 7.10 बजे राजधानी पहुंची. इसके तुरंत बाद अन्य क्षेत्रों की उड़ानों ने सहज तरीके से उड़ान भरी.
दिल्ली एयरपोर्ट से 82 उड़ानें रद्द, मुसाफिर परेशान, बोले- नहीं मिली कोई जानकारी
स्पाइसजेट की सेवा दिल्ली-बेंगलुरु, दिल्ली-पुणे, दिल्ली-चेन्नई, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-गुवाहाटी, अहमदाबाद-दिल्ली, दिल्ली-पटना, मुंबई-बेंगलुरु, चेन्नई-बेंगलुरु, वाराणसी-जयपुर, बेंगलुरु-पुणे, दिल्ली-श्रीनगर, उदयपुर-अहमदाबाद, जम्मू-श्रीनगर, चेन्नई-मदुरै, हैदराबाद-झारसुगुड़ा, हैदराबाद-सूरत व अन्य की बीच शुरू की गई है.
पॉलोमी साहा