रिटायरमेंट के बाद लाइफ आसानी से कटे और बुढ़ापे में नियमित आय का इंतजाम हो जाए, इसके लिए सरकार की अटल पेंशन योजना बेहद लोकप्रिय है. सरकार की इस स्कीम में गांरटीड पेंशन मिलती है. खास बात ये है कि आप इसमें निवेश के जरिए रोजाना सिर्फ 2 चाय के पैसे बचाकर भी अपने लिए 5000 रुपये मंथली पेंशन पक्की कर सकते हैं और ये लाइफटाइम मिलती रहेगी.
APY Scheme की शुरुआत 9 मई 2025 को हुई थी और इसका सब्सक्राइबर्स बेस लगातार बढ़ता जा रहा है. सरकारी आंकड़ों को देखें, तो बीते सप्ताह ही इसके सब्सक्राइबरों की संख्या 9 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है. इसमें निवेश के जरिए 1000, 2000, 3000, 4000 या 5000 रुपये की पेंशन का प्रावधान है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें, तो सरकार अब 10,000 रुपये पेंशन के विकल्प पर भी विचार कर रही है. हालांकि, सरकार की ओर से इसे लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है.
बुढ़ापे में नहीं होगी पैसों की टेंशन
पेंशन (Pension) शब्द बुढ़ापे का सहारा माना जाता है, क्योंकि ये रेग्युलर इनकम होती है, जिससे वित्तीय परेशानी का सामना नहीं करना होता है और अपने रोजमर्रा या जरूरी खर्चों के लिए दूसरे पर निर्भर नहीं रहना होता. आप अभी से अपनी रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए इस Atal Pension Yojana में छोटे निवेश के निवेश की शुरुआत कर जीवनभर के लिए पेंशन पक्की कर सकते हैं और बुढ़ापे को मौज में काट सकते हैं.
निवेश और ऐज लिमिट जान लें
APY एक पेंशन स्कीम (Pension Scheme) है और इसमें पेंशन की गारंटी खुद सरकार देती है. निवेश के लिए आयु सीमा 18 से 40 साल निर्धारित की गई है. पेंशन का लाभ पाने के लिए आपको कम से कम 60 साल की उम्र तक निवेश करना होता है. इसे समझने के लिए मान लेते हैं कि आपकी उम्र 30 साल है और आप 5000 रुपये मासिक पेंशन के लिए तय किया गया अमाउंट जमा करते हैं, तो ये आपको अगले 30 साल तक करना होगा, यानी 60 साल की उम्र तक निवेश को जारी रखना होगा. इसके बाद आपके लिए जीवनभर पेंशन की व्यवस्था हो जाएगा.
दो चाय का पेंशन कनेक्शन
अब सबसे अहम बात कि कैसे सिर्फ दो चाय के पैसे रोज बचाकर इस योजना के जरिए 5000 रुपये प्रति महीने की पेंशन पक्की कर सकते हैं. तो इसका कैलकुलेशन बेहद आसान है. दरअसल, सरकार ने अटल पेंशन योजना के लिए इतनी पेंशन के लिए एक कॉर्पस तय किया गया है.
इसके तहत अगर 30 साल की उम्र से आप एपीवाई स्कीम में निवेश की शुरुआत करते हैं, तो फिर आपको मंथली 577 रुपये कंट्रीब्यूशन देना होगा और इसे प्रति दिन के हिसाब से बांटें, तो ये 19 रुपये से कुछ ज्यादा या करीब 20 रुपये प्रति दिन आता है. आमतौर पर एक चाय की कीमत 10 रुपये होती है और इस हिसाब से आप रोजाना सिर्फ दो चाय छोड़कर रोजाना 20 रुपये बचा सकते हैं और इसमें से 577 रुपये अटल पेंशन स्कीम में निवेश कर सकते हैं.
जल्दी निवेश की शुरुआत फायदे का सौदा
अलग-अलग उम्र के हिसाब से निवेश की रकम भी बदल जाती है. जैसे अगर 18 साल से APY Scheme में अकाउंट खुलवाते हैं, तो रोर्ज सिर्फ 7 रुपये या मंथली 210 रुपये बचाकर भी 5000 रुपये की पेंशन पक्की कर सकते हैं. वहीं अगर आप 35 साल की उम्र में इस स्कीम में निवेश की शुरुआत करते हैं, तो आपको अगले 15 साल पैसे लगाने होंगे और पांच हजार रुपये पेंशन पाने के लिए 902 रुपये प्रति माह लगाना होगा. इसका मतलब है कि इस स्कीम में जितना जल्दी निवेश करें, उतना कम कंट्रीब्यूशन देना होगा. जबकि ज्यादा उम्र पर पैसे ज्यादा लगाने होंगे.
इस योजना में कोई भी भारतीय नागरिक इसमें रजिस्ट्रेशन करा सकता है. बशर्ते उसके पास बचत बैंक या डाकघर खाता हो और 1 अक्टूबर, 2022 या उसके बाद आयकरदाता न हो. खाता खुलवाने के लिए आपके पास एक वैध बैंक खाता (Bank Account) होना चाहिए, जो आधार कार्ड से लिंक हो. इसके अलावा आवेदक के पास एक मोबाइल नंबर हो. पहले से अटल पेंशन का लाभार्थी न हो. जिस बैंक ब्रांच में आपका बचत खाता खुला है, वहां जाकर एपीवाई अकाउंट खुलवाने के लिए आवेदन किया जा सकता है.
आजतक बिजनेस डेस्क