पूरा देश होली के जश्न में डूबा हुआ है. इस बीच, मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के कारण शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है. सेंसेक्स 1700 अंक गिरकर 78600 के नीचे कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 500 अंक टूटकर 24350 के करीब पहुंच गया है. वहीं बैंक निफ्टी भी 1000 अंक गिर चुका है.
बीएसई टॉप 30 शेयरों की बात करें तो टेक कंपनियों को छोड़कर बाकी 25 शेयर भारी गिरावट पर कारोबार कर रहे हैं. एल एंड टी के शेयर में 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है. टाटा स्टील 5 फीसदी और अडानी पोर्ट 4 फीसदी गिरा है. महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंडिगो जैसे शेयर भी 4 फीसदी तक टूट चुके हैं.
निवेशकों को तगड़ा नुकसान
इस तगड़ी गिरावट के कारण निवेशकों के झटके में 9 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं. बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन सोमवार को 456.9 लाख करोड़ रुपये था, जो बुधवार को घटकर 447.9 लाख करोड़ रुपये हो गया. इसका मतलब है कि शेयर बाजार में आज निवेशकों की वैल्यू 9 लाख करोड़ रुपये घट चुकी है.
151 शेयरों में लोअर सर्किट
BSE के एक्टिव 3,342 शेयरों में से 587 शेयरों में तेजी है, जबकि 2,607 शेयर गिरकर कारोबार कर रहे हैं और 140 शेयर अनचेंज हैं. 25 शेयर 52 सप्ताह के हाई लेवल पर कारोबार कर रहे हैं, जबकि 482 शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर बने हुए हैं. 57 शेयरों में अपर सर्किट लगा है और 151 शेयरों में लोअर सर्किट है.
इन सेक्टर्स में बड़ी गिरावट
शेयर बाजार में ज्यादातर सेक्टर रेड जोन में कारोबार कर रहे हैं. सिर्फ आईटी सेक्टर में थोड़ी तेजी देखी जा रही है, बाकी सेक्टर भारी गिरावट में हैं. सबसे ज्यादा गिरावट कंज्युमर सेक्टर, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर में 3 फीसदी से ज्यादा की रही है.
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
रेन इंडस्ट्री के शेयरों में 10 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है. पेट्रोनेट एलएनजी के शेयरों में 9 फीसदी की गिरावट रही है, महानगर गैस के शेयरों में 7 फीसदी की गिरावट है. हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों में भी 5 फीसदी की गिरावट आई है. आईआईएफएल फाइनेंस के शेयर में भी 5 फीसदी की गिरावट आई है. बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में 6 फीसदी की गिरावट रही है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क