सप्ताह की शुरुआत हरियाली से हुई है. शेयर बाजार में आज शानदार तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 639.42 अंक या 0.83% चढ़कर 77,303.63 पर बंद हुआ. निफ्टी 194 अंक या 0.81 फीसदी चढ़कर 24092 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी बैंक में 175 अंकों की तेजी रही. इस अच्छी तेजी के कारण शेयर बाजार निवेशकों का पोर्टफोलियो करीब 7 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया.
बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से 7 शेयर गिरावट पर थे, जबकि बाकी 23 शेयरों में तेजी रही. सबसे ज्यादा सन फार्मा 7 फीसदी चढ़कर बंद हुआ. इसके बाद रिलायंस के शेयरों में करीब 3 फीसदी की तेजी आई. अडानी पोर्ट में भी 2.72 फीसदी की तेजी रही. महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक जैसे शेयरों में भी उछाल देखने को मिला.
पहली खबर: सेक्टर के हिसाब से बात करें तो फार्मा से लेकर कज्यूमर ड्यूरेबल तक सभी सेक्टर ग्रीन जोन पर बंद हुए. सबसे ज्यादा तेजी फर्मा सेक्टर में रही, क्योंकि इस सेक्टर से जुड़ी बड़ी खबर आई. सन फार्मा ने अमेरिका की ऑर्गेनॉन फार्मा कंपनी को खरीदने का ऐलान किया, जो अबतक की भारत द्वारा विदेशी फार्मा की सबसे बड़ी खरीद मानी जा रही है. यह डील 1.10 लाख करोड़ रुपये में होगी.
दूसरी खबर: हाल ही में जारी रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और संघर्ष को समाप्त करने का प्रस्ताव रखा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यह भी कहा कि ईरान दो महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत शुरू कर सकता है.
तीसरी खबर: शेयर बाजार में तेजी की एक और बड़ी वजह भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भी था, जिसमें न्यूजीलैंड ने कहा कि वह 20 अरब डॉलर का निवेश करेगा. साथ ही भारतीय निर्यात पर एवरेज टैक्स 10 फीसदी से कम करके 0 कर देगा. इसके अलावा, तीन सालों तक हर साल 5000 वीजा जारी करने को भी सहमति व्यक्ति की. इन सभी ऐलान ने मार्केट का तेजी में सपोर्ट किया.
India VIX 5 फीसदी गिरा
मार्केट की अस्थरिता को मापने वाला और अक्सर डर का इंडेक्स कहलाने वाला भारत का VIX करीब 5 प्रतिशत गिरकर 19 के स्तर पर आ गया. इंडेक्स में गिरावट अनिश्चितता में कमी और निवेशकों के आत्मविश्वास में सुधार का संकेत देती है.
निवेशकों ने छापे 7 लाख करोड़
शेयर बाजार में आई शानदार तेजी की वजह से निवेशकों के पोर्टफोलियों में शानदार तेजी देखने को मिला. बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन 461 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 468 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यानी कि निवेशकों को आज 7 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क