ईरान-अमेरिका जंग और कच्चे तेल को लेकर दबाव के बीच, पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती की गई है. शुक्रवार को वहां की सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में 6 रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 6.80 रुपये की कटौती की है.
पाकिस्तान सरकार के नए नोटिफिकेशन के बाद पेट्रोल की कीमत 403.78 रुपये प्रति लीटर और HSD की कीमत 402.78 रुपये हो गई है. पेटोल-डीजल के दाम में कटौती के बाद नई कीमतें 23 मई यानी आज से लागू हो गई हैं. यह लगातार दूसरा हफ्ता है, जब पाकिस्तान ने ईंधन की कीमतों में कटौती की है. इससे पहले पिछले हफ्ते पेट्रोल-डीजल की कीमतें 5 रुपये कम की गई थीं.
पेट्रोल का इस्तेमाल ज्यादातर प्राइवेट व्हीकल्स, छोटे वाहनों, रिक्शों और दोपहिया वाहनों में होता है और इसका सीधा असर मिलिड कैटेगरी के बजट पर पड़ता है. हाई-स्पीड डीजल का इस्तेमाल खासतौर से भारी परिवहन क्षेत्र और बड़े जनरेटरों में होता है.
पेट्रोल-डीजल के दाम में हुई थी भारी बढ़ोतरी
अभी पेट्रोल और डीजल के दाम भले की कम हो रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम में रिकॉर्ड उछाल देखी गई है. ईरान पर अमेरिका-इजरायल जंग शुरू होने के बाद, सरकार ने शुरू में 6 मार्च को पेट्रोल और डीजल की कीमतें 55 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी थीं. इसके बाद 2 अप्रैल को 43 प्रतिशत पेट्रोल के दाम और 55 प्रतिशत डीजल के दाम बढ़ाने का ऐलान हुआ था.
हर हफ्ते हो रही समीक्षा
गौरतलब है कि फरवरी महीने में ईरान और इजरायल-अमेरिका की जंग शुरू होने के बाद से ही पाकिस्तान की सरकार हर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम की समीक्षा कर रही है. इस दौरान पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है और कई बार कीमतें बढ़ाई जा चुकी है और अब कीमतों में कमी देखी गई है.
भारत में तीन बार बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम
वहीं कच्चे तेल के दाम में उछाल के बीच, भारत में भी पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह बढ़ोतरी बहुत ज्यादा नहीं है. तीन बार में पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए. आज 87 पैसे पेट्रोल और 91 पैसे डीजल के दाम में इजाफा किया गया. इसके अलावा, सीएनजी के दाम में भी 1 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
आजतक बिजनेस डेस्क