ईरान जंग के शुरू होने के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन बार बढ़ोतरी हुई है. 10 दिनों के दौरान ईधन की कीमतों में करीब 5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 23 मई को पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ी हैं.
यह तेल की कीमतें इसलिए बढ़ी हैं, क्योंकि कच्चे तेल का भाव काफी ऊपर चला गया है. लेकिन भारत की तेल कंपनियों ने ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की है. वहीं दूसरे देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है, जो 20 से 80 फीसदी तक रही हैं.
अब सवाल पूछे जा रहे हैं कि देश में तीन बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल और डीजल कहां मिल रहा है? मेट्रो शहरों की बात करें तो देश में सबसे महंगा पेट्रोल हैदराबाद में है और चड़ीगढ़ में सबसे सस्ता पेट्रोल और डीजल मिल रहा है.
कहां मिल रहा सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल?
हैदराबाद में पेट्रोल का भाव 112.18 रुपये प्रति लीटर है. इसके बाद तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 112.64 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. वहीं कोलकाता और पटना में भी पेट्रोल का भाव 110 रुपये प्रति लीटर से ऊपर है. वहीं कुछ जगहों पर पेट्रोल और डीजल की दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का कहना है कि ये हालांकि अलग वजहों से हैं और बहुत ही कम जगह पर अस्थायी हैं.
कहां मिल रहा सबसे सस्ता पेट्रोल और डीजल?
दूसरी तरफ, चंडीगढ़ में पेट्रोल का भाव 98.97 रुपये प्रति लीटर है. लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 99.26 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. दिल्ली में इसका भाव 99.51 रुपये प्रति लीटर है. अगर डीजल की बात करें तो हैदराबाद में यह सबसे महंगा है. वहां इसका भाव 100.94 रुपये प्रति लीटर है. दूसरे नंबर पर तिरुवनंतपुरम है, जहां इसका भाव 101.55 रुपये प्रति लीटर है. भुवनेश्वर और कोलकाता में इसका भाव करीब 98 रुपये प्रति लीटर है और चंडीगढ़ में डीजल सबसे सस्ता 86.94 रुपये प्रति लीटर है. चंडीगढ़ में डीजल की कीमत सबसे कम है.
ग्लोबल संकट के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा
सरकारी सूत्रों का कहना है कि 76 दिन तक सरकार और OMCs ने वैश्विक तेल संकट के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है. 15, 19 और 23 मई 2026 की तीन चरणों वाली बढ़ोतरी के बाद भी भारत में कुल बढ़ोतरी सिर्फ ₹4.74–₹4.82 प्रति लीटर रही है. वहीं केंद्र सरकार ने मर्च 2026 के दौरान पेट्रोल-डीजल पर ₹10 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है.
आजतक बिजनेस डेस्क