देश से वस्तुओं का निर्यात अक्टूबर में 5.12 प्रतिशत घटकर 24.89 अरब डॉलर रह गया. इससे पहले सितंबर में निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज हुई थी. वहीं, अक्टूबर में आयात भी 11.53 प्रतिशत घटकर 33.6 अरब डॉलर रह गया. इससे व्यापार घाटा भी कम होकर 8.71 अरब डॉलर रह गया है. एक साल पहले इसी महीने में व्यापार घाटा 11.75 अरब डॉलर पर था. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है.
किन चीजों के निर्यात में गिरावट
आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में पेट्रोलियम उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा और इंजीनियरिंग सामान के निर्यात में गिरावट आई है. आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में सालाना आधार पर 52 प्रतिशत की गिरावट रही. काजू का निर्यात 21.57 प्रतिशत, रत्न एवं आभूषणों का 21.27 प्रतिशत, चमड़े का 16.67 प्रतिशत, मानव निर्मित धागे/कपड़े का निर्यात 12.8 प्रतिशत, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का 9.4 प्रतिशत, कॉफी का 9.2 प्रतिशत, समुद्री उत्पादों का 8 प्रतिशत तथा इंजीनियरिंग सामान का निर्यात 3.75 प्रतिशत घट गया.
इसे देखें: आजतक LIVE TV
अप्रैल से अक्टूबर अवधि में
चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से अक्टूबर अवधि में निर्यात 19.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 150.14 अरब डॉलर रह गया. वहीं वित्त वर्ष के पहले सात माह में आयात 36.28 प्रतिशत घटकर 182.29 अरब डॉलर पर आ गया. अक्टूबर में कच्चे तेल का आयात 38.52 प्रतिशत घटकर 5.98 अरब डॉलर रह गया. अप्रैल-अक्टूबर के दौरान कच्चे तेल का आयात 49.5 प्रतिशत घटकर 37.84 अरब डॉलर रहा है. लगातार छह माह तक गिरावट के बाद सितंबर में देश का निर्यात 5.99 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 27.58 अरब डॉलर रहा था.
aajtak.in