शुक्रवार को महीने के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में तेजी छाई रही. निफ्टी 42 अंक चढ़कर 22,530 स्तर पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 75 अंक चढ़कर 73,961 लेवल पर बंद हुआ. इस बीच अडानी के सभी स्टॉक्स में धुंआधार तेजी आई. गौतम अडानी (Gautam Adani) ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों में दिन के दौरान 14 फीसदी की तेजी देखने को मिली.
जनवरी 2023 में अमेरिका स्थित शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद ग्रुप तेजी से रिकवरी की राह पर है. इंट्रा-डे के दौरान शुक्रवार को अडानी समूह के शेयरों में 14 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की, लेकिन सत्र के समाप्त होने के साथ ही यह बढ़त कम हो गई. हालांकि सभी 10 कंपनियां प्रॉफिट गेन करने में सफल रहे.
7 फीसदी तक चढ़ा अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर
अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का शेयर (Adani Enterprises Share) दिन में 7 प्रतिशत बढ़कर 3416.75 रुपये पर बंद हुआ, जिसका कुल बाजार पूंजीकरण (MCap) करीब 3.9 लाख करोड़ रुपये रहा. अडानी समूह की एक अन्य ब्लू-चिप कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन में इंट्रा-डे पर 5 प्रतिशत की तेजी आई, लेकिन अंत में यह 4 प्रतिशत बढ़कर 1,440 रुपये पर बंद हुआ, जिसका कुल बाजार पूंजीकरण 3.11 लाख करोड़ रुपये रहा.
अडानी पावर के शेयरों में भी धुआंधार तेजी
अडानी पावर लिमिटेड के शेयर (Adani Power Stock) आज 14 प्रतिशत से अधिक चढ़ गए. हालांकि बाद में 9 प्रतिशत की बढ़त के साथ 759.80 रुपये पर बंद हुए. कंपनी ने 3 लाख करोड़ रुपये के एमकैप को पार कर लिया है. अडानी टोटल गैस लिमिटेड (Adani Total Gas) 11 प्रतिशत की बढ़त के बाद 9 प्रतिशत बढ़कर 1,044.50 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का कुल मूल्यांकन दिन भर में 1.15 लाख करोड़ रुपये रहा.
अडानी विल्मर 3 प्रतिशत बढ़कर 354.90 रुपये पर पहुंच गया, जबकि अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (Adani Green Energy Ltd) और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के शेयरों (Adani Energy Solutions Share) में 2 फीसदी की तेजी आई. NDTV के शेयर 8 प्रतिशत, जबकि अंबुजा सीमेंट और ACC लिमिटेड के शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े.
आज क्यों आई अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी?
इस सप्ताह की शुरुआत में अडानी एंटरप्राइजेज के बोर्ड ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट के जरिए 16,600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी, जबकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के निदेशक ने इसी तरह से 12,500 करोड़ रुपये जुटाने पर सहमति जताई. कुछ रिपोर्टों के अनुसार, प्रमोटर संस्थाओं ने मई 2024 में अडानी ग्रीन एनर्जी के साथ इन संस्थाओं में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. ऐसे में निवेशकों को अडानी के शेयरों में अपसाइड की उम्मीद लग रही है, जिस कारण अडानी स्टॉक में जमकर खरीदारी हुई है.
3,800 रुपये जाएगा अडानी एंटरप्राइजेज
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अडानी एंटरप्राइजेज को 3,800 रुपये और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को 1,365 रुपये का टारगेट दिया है. विदेशी ब्रोकरेज फर्म ने अडानी पोर्ट्स को भी खरीदने का सुझाव दिया है, जिसे 24 जून से सेंसेक्स में शामिल किया जाएगा, जिसका लक्ष्य मूल्य 1,640 रुपये है.
(नोट- किसी भी शेयरों में निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.)
aajtak.in