सिगरेट कंपनियां दाम बढ़ाने जा रही हैं. ऐसी खबर आते ही दो कंपनियों के शेयरों में भारी उछाल देखी गई. सिगरेट बनाने वाली इन कंपनियों के शेयरों में करीब 8 फीसदी तक की तेजी आई. रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनियां सिगरेट की कीमतों में 17 फीसदी तक का इजाफा कर सकती हैं.
जिन दो कंपनियों के सिगरेट के दाम में बढ़ोतरी की बात आई है, उसमें गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया और ITC हैं. इंट्राडे के दौरान गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के शेयर करीब 8 फीसदी चढ़ गए और 2,280 रुपये पर कारोबार कर रहे थे. एक महीने के दौरान इस शेयर में 21 फीसदी तक की उछाल आई है. हालांकि अभी भी यह शेयर छह महीने में 27 फीसदी नीचे आ चुका है.
इसी तरह, ITC कंपनी के शेयरों में 4 फीसदी की तेजी आई है, जो 315.95 रुपये पर कारोबार कर रहा है. एक महीने के दौरान इस शेयर में 10 फीसदी की तेजी आई है. हालांकि ये छह महीने के दौरान 25 फीसदी गिर चुका है.
सिगरेट के दाम में बढ़ोतरी?
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि आईटीसी के लिए, गोल्डफ्लेक प्रीमियम के पैक की कीमत मई 2026 में 115 रुपये से बढ़कर लगभग 135 रुपये होने की उम्मीद है. इससे सिंगल सिगरेट के दाम में भी इजाफा हो जाएगा. इस कीमत के बढ़ने से कंपनी के प्रॉफिट पर पड़ने वाला बोझ कम होगा.
क्यों बढ़ रहे ये दाम?
दरअसल, यह बढ़ोतरी सरकार द्वारा लगाए गए अतिरिक्त टैक्स भार को कम करने के लिए किया जा रहा है. इस साल की शुरुआत में संसद ने केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक, 2025 को मंजूरी दे दी, जिससे सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों पर शुल्क में भारी बढ़ोतरी हुई.
आदेश के अनुसार, सिगरेट पर 40 प्रतिशत GST के अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया जाएगा. वित्त मंत्रालय ने नोटिफाई किया है कि सिगरेट की लंबाई के आधार पर हर 1,000 स्टिक पर 2,050 रुपये से 8,500 रुपये तक का उत्पाद शुल्क 1 फरवरी से लागू होगा.
2 से 3 रुपये महंगा होंगे दाम
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के विश्लेषकों ने कहा था कि इस शुल्क के चलते 75-85 मिमी सिगरेट की कुल लागत में 22-28 प्रतिशत की वृद्धि होगी. उन्होंने कहा कि आईटीसी के कुल उत्पादन का लगभग 16% हिस्सा 75 मिमी से अधिक लंबी सिगरेट का है और इस कारण सिगरेट की कीमतों में 2 से 3 रुपये का इजाफा होगा.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क