छत से फेंककर मारी टाइल, युवक की मौत, मकान के पास शौच करने से छिड़ा था विवाद

समस्तीपुर में शौच करने को लेकर हुए विवाद में युवक पर छत से टाइल्स फेंकने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर समस्तीपुर–पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया और आगजनी की. एफआईआर और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा हुआ. पुलिस से नोकझोंक भी हुई, बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर जाम हटाया गया.

Advertisement
छत से फेंकी टाइल, युवक की मौत (Photo: itg) छत से फेंकी टाइल, युवक की मौत (Photo: itg)

जहांगीर आलम

  • समस्तीपुर ,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:50 AM IST

बिहार के समस्तीपुर में ग्रेनाइट टाइल्स फेंक कर मारे जाने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की है, जहां कथित तौर पर शौच करने को लेकर हुए विवाद में छत से ग्रेनाइट टाइल्स फेंक दी गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. चार दिनों तक पटना में इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, शंभूपट्टी निवासी अजित कुमार साह अपने एक साथी के साथ आदर्श नगर स्थित एक फाइनांस कंपनी में किसी काम से गया था. इसी दौरान उसे शौच लगी और वह पास के मकान के किनारे चला गया. आरोप है कि मकान मालिक शंभु झा ने इसे देख लिया और नाराज होकर छत से ग्रेनाइट टाइल्स फेंक दी, जो सीधे अजित के सिर पर जा लगी. गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा.

साथ गए युवक ने तत्काल उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. पटना में चार दिनों तक इलाज चला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को समस्तीपुर लाए और आदर्श नगर जाने वाली सड़क के सामने रखकर समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी की. जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटों तक बाधित रहा.

Advertisement

सूचना मिलने पर नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान हल्की नोकझोंक भी हुई. बाद में अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई और जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.   

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement