बिहार के मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े महिला को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई है. अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनपुरा एनएच-27 के पास बाइक सवार बदमाशों ने टोटो रोककर वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता मेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर अपनी भाभी के साथ घर लौट रही थी, तभी रास्ते में बदमाशों ने टोटो रुकवाया और महिला को निशाना बनाया.
हमले के दौरान एक आरोपी टोटो में घुस गया और महिला को धमकी दी कि अगर केस वापस नहीं लिया गया तो जान से मार दिया जाएगा. इसके तुरंत बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी और दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 20 लाख की लूट, ज्वेलरी कारोबारी से आभूषण से भरा बैग लूटकर फरार हुए बदमाश
पीड़िता की पहचान मदीना खातून के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है.
इलाज से लौटते वक्त टोटो रोककर की वारदात
घटना के समय मदीना खातून अपनी भाभी जोया खातून के साथ मेडिकल कॉलेज से लौट रही थीं. रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो को रोक लिया. दोनों हमलावरों ने अपना चेहरा ढक रखा था. टोटो रुकते ही एक आरोपी अंदर घुसा और महिला को धमकाते हुए गोली मार दी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने बताया कि महिला एसकेएमसीएच में भर्ती है और उसका इलाज जारी है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है.
पुराने संबंध और लेन-देन का विवाद
पीड़िता की भाभी जोया खातून के अनुसार, मदीना का मोहम्मद शमशाद शेख नाम के युवक से करीब पांच साल से संबंध था. इस दौरान आरोपी ने उससे लगभग 10 लाख रुपये लिए थे. जब मदीना ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और संपर्क तोड़ लिया.
इसके बाद मदीना ने बोचहां थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था. परिजनों का आरोप है कि उसी केस को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पुराने विवाद और लेन-देन की बात सामने आई है.
पुलिस जांच और गिरफ्तारी के प्रयास
एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा ने बताया कि एसकेएमसीएच फ्लाईओवर के पास टोटो को रोककर महिला को गोली मारी गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
मणिभूषण शर्मा