बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लीची गाछी में एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला. घटना कोल्हुआ स्थित हरिसाह चौक के पास की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 32 साल के मोहम्मद इम्ताद हुसैन के रूप में हुई है, जो कोल्हुआ का निवासी था.
जानकारी के अनुसार, इम्ताद हुसैन एक सप्ताह पहले ही कतर से अपने घर लौटा था. वह रमजान और ईद परिवार के साथ मनाने के लिए विदेश से वापस आया था. सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
परिजनों के मुताबिक, इम्ताद की शादी दो वर्ष पहले हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही वह रोजगार के सिलसिले में कतर चला गया था. मृतक के भाई फिरोज ने बताया कि उसकी शादी अपने से अधिक उम्र की महिला से कराई गई थी, जिससे वह संतुष्ट नहीं था. पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. परिवार का आरोप है कि आर्थिक मामलों को लेकर भी तनाव बना रहता था और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था.
हालांकि, परिजनों ने किसी व्यक्ति विशेष पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है. पुलिस का कहना है कि अब तक मिली जानकारी के आधार पर पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की आशंका है.
मणिभूषण शर्मा